लखनऊ में समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र कार्यक्रम के दौरान आजम खान ने अपने संघर्ष और मुश्किलों को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने उन्हें बहुत परेशान किया और उन पर इतने जुल्म हुए कि उनकी जगह कोई कमजोर व्यक्ति होता तो मर जाता।समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने एक बार फिर अपने बयान से सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। लखनऊ में आयोजित सपा के घोषणापत्र कार्यक्रम के दौरान आजम खान ने अपने संघर्ष और मुश्किल दिनों को याद करते हुए कहा कि उनके ऊपर इतने जुल्म हुए हैं कि उनकी जगह कोई कमजोर व्यक्ति होता तो शायद जिंदा नहीं बचता। उन्होंने खुद को सख्त जान बताते हुए कहा कि वह तमाम मुश्किलों के बावजूद मजबूती से खड़े हैं।आजम खान ने अपने संबोधन में कहा, ”मेरी जगह कोई और होता तो मर जाता। मुझ पर बहुत जुल्म हुए हैं। मैं बहुत सख्त जान हूं।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने उन्हें काफी परेशान किया और उनके साथ लगातार ज्यादती की गई।
उन्होंने आगे कहा कि उन पर जितने जुल्म हुए हैं, उन्हें सहना हर किसी के बस की बात नहीं थी। अगर उनकी जगह कोई कमजोर इंसान होता तो शायद वह इन परिस्थितियों में टूट जाता। अपने इरादे जाहिर करते हुए आजम खान ने कहा, ”हम मरेंगे, लेकिन कुछ करके मरेंगे।” पीडीए के घोषणा पत्र के लॉन्च पर आजम खान ने कहा, ”आधा अधूरा आदमी आपके सामने खड़ा है। अगर आम आदमी होता तो मुझे, बेटे और पत्नी को मर जाना चाहिए था। लेकिन हम कुछ करके मरेंगे। 50 साल से समाजवादी पार्टी के साथ हूं।”सपा नेता का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब पार्टी अपने घोषणापत्र को लेकर कार्यक्रम कर रही है। उनके इस संबोधन में दर्द, नाराजगी और संघर्ष की झलक देखने को मिली। आजम खान के बयान ने एक बार फिर उनके राजनीतिक सफर और मुश्किलों को लेकर चर्चा तेज कर दी है।इससे पहले आजम खान ने असदुद्दीन ओवैसी के उस बयान पर अपनी खीझ निकाली, जिसमें उन्होनें कहा कि अब अब्दुल सिर्फ दरी नहीं बिछाएगा बल्कि डिप्टी सीएम बनकर चंद्रशेखर के साथ बैठेगा। इस पर आजम खान ने कहा कि मेरा ऐलान कर दें, मुझे प्रधानमंत्री बनवा दें। मेरे नाम में तो सिर्फ वजीर लगना ही बाकी है। आजम पहले से हूं।आजम खान सपा के चुनावी घोषणापत्र लॉन्च के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लखनऊ पहुंचे हैं। यहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए यह बयान दिया था।