यूपी की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए ओवैसी ने चंद्रशेखर के साथ गठबंधन करके मुस्लिम और दलित वोट का गठजोड़ बनाया है। ओवैसी मुस्लिम और दलित वोट का कॉम्बिनेशन तैयार कर रहे हैं। इसी क्रम में गठबंधन के बाद पहली बार ओवैसी आज सहारनपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद के घर पर पहुंचे। यहां ओवैसी ने चंद्रशेखर के घर पर खाना भी खाया। AIMIM चीफ ओवैसी सहारनपुर में कलेक्ट्रेट ऑफिस गए, जहां बनी अवैध मस्जिद को बुलडोजर से गिराया गया था। ओवैसी ने मस्जिद गिराने को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। चंद्रशेखर आज़ाद के घर पर खाना खाने के बाद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि यह मेरी लड़ाई नहीं है, यूपी की 20 करोड़ जनता की लड़ाई है। गैर जरूरी चीजों को मुद्दा नहीं बनाना चाहिए। ओवैसी ने कहा कि आजम खान को बेल मिल गई, बहुत अच्छी बात है, वह 80 साल के हो चुके हैं। अल्लाह से दुआ है कि उनको अच्छी सेहत दे। 2022 के चुनाव में भी मैंने कहा था उससे पहले भी कहा है जिस-जिस के साथ नाइंसाफी हुई है उनके साथ इंसाफ होना चाहिए। ओवैसी ने कहा कि जो बीजेपी को हारना चाहता है, हमारा मोर्चा मजबूत मोर्चा है। आपने पहले सबको आजमा कर देख लिया है, अब दोबारा उनको आजमाने की जरूरत नहीं है। अब आपके सामने एक मजबूत विकल्प है। मुख्यमंत्री का चेहरा चंद्रशेखर आजाद हैं। सवाल सिर्फ मुस्लिम वोटर का नहीं है, हमें हर समुदाय का वोट चाहिए। ओवैसी ने कहा कि बिहार में भी हमारा गठबंधन था, वहां 5 सीट आने में आजाद का बहुत बड़ा रोल था। वहां पर भी हमने कहा था कि गठबंधन में हमें सीट दे दो, आपने नहीं दिया, लेकिन हम चुनाव लड़े। वे लोग बीजेपी को नहीं हरा पाएंगे। 2014, 2019 और फिर 2022 में चुनाव में आप लोग देख चुके हैं। वहीं चंद्रशेखर आजाद के घर नोटिस दिए जाने के मामले में ओवैसी ने कहा कि उन्हें डर है उनकी जमीन खिसक रही है। पुराने चेहरों की क्रेडिबिलिटी नहीं रही है, इसलिए फ्रस्ट्रेशन की वजह से ऐसा किया जा रहा है।ज़ाहिर है ओवैसी सूबे के दलित समाज को मैसेज देकर भीम और मीम वाला समीकरण बैठा रहे हैं। सहारनपुर में 42 परसेंट मुस्लिम और करीब 22 परसेंट दलित आबादी है। यहां विधानसभा की 7 सीटें हैं। कांग्रेस के इमरान मसूद यहां से सांसद हैं। चंद्रशेखर से गठबंधन करके ओवैसी इस बार सहारनपुर का पूरा समीकरण बदलने की कोशिश में हैं।
