दिल्ली से कश्मीर तक फैले नशीली दवाओं के अंतरराज्यीय नेटवर्क का NCB ने भंडाफोड़ कर दिया है। NCB की जम्मू और दिल्ली की यूनिट ने ज्वाइंट ऑपरेशन में ड्रग्स सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जम्मू-कश्मीर जा रही यात्री बस से करीब 7 किलोग्राम कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुआ है।
जांच की कड़ियां दिल्ली तक पहुंचीं। इसके बाद पता चला कि दिल्ली में किराए के मकान में ड्रग्स का अवैध गोदाम चल रहा था। गोदाम से 5 लाख से ज्यादा नशीली दवाओं की टैबलेट, कैप्सूल और बोतलें बरामद हुईं। ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपम और कोडीन युक्त दवाओं का बड़ा जखीरा मिला है। NCB ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली से कश्मीर घाटी तक फार्मास्युटिकल ड्रग्स की सप्लाई का नेटवर्क चला रहे थे। वैध दवा सप्लाई चेन से कोडीन कफ सिरप की अवैध तरीके से डायवर्जन की जांच जारी है।16 नवंबर को NCB जम्मू ने उधमपुर के चेन्नानी स्थित माडा टोल प्लाजा के पास श्रीनगर जा रही यात्री बस को रोका था। बस से डोडा जिले के भद्रवाह निवासी एक व्यक्ति के कब्जे से करीब 7 किलोग्राम कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया। इसके बाद, कश्मीर घाटी में जांच के दौरान अनंतनाग निवासी मुख्य रिसीवर को पकड़ा गया।दिल्ली में सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी के साथ 18 नवंबर को 356 बोतल कोडीन कफ सिरप बरामद किया गया। आगे की जांच में दिल्ली के शाहदरा में किराए के परिसर में चल रहे अवैध गोदाम का खुलासा हुआ। 18 और 19 नवंबर को गोदाम में छापेमारी के दौरान 5 लाख से अधिक टैबलेट, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें जब्त की गईं। NCB अब दवाओं की सप्लाई के मूल स्रोत, नेटवर्क के बड़े सप्लायर, डिस्ट्रीब्यूटर और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। इससे पहले हाल में अमृतसर में हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ था। इस दौरान, 14 अत्याधुनिक पिस्टल बरामद की गई थीं।
