Share

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने आजम खान को अंतरिम जमानत देने के इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश को बरकरार रखा है। सुप्रीम कोर्ट ने आजम खान की अंतरिम जमानत पर दखल देने से इंकार कर दिया है और ED की याचिका का निपटारा कर दिया है। आपको बता दें कि आजम खान मिली अंतरिम जमानत के खिलाफ ED सुप्रीम कोर्ट पहुंची थी। ED ने आजम खान को गिरफ्तारी के आधार की जानकारी न दिए जाने के आरोप को गलत बताया था। ईडी ने उस टिप्पणी पर भी गंभीर आपत्ति जताई है जिसमें हाईकोर्ट ने आजम खान की गिरफ्तारी को दुर्भावनापूर्ण कदम करार दिया था। ईडी ने सुप्रीम कोर्ट से ये भी कहा है कि आजम खान की गिरफ्तारी की प्रक्रिया में कोई कोताही नहीं बरती गई है। ईडी ने अपनी याचिका में कहा है कि हाईकोर्ट ने हलफनामा देने का वक्त दिये ही बिना ही जल्दबाजी में फैसला दे दिया।आजम खान की अंतरिम जमानत के खिलाफ ईडी की याचिका पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस एमएम सुंदरेश ने कहा कि यह कोर्ट इसमें दखल देने के इच्छुक नहीं हैं। सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि “चूंकि यह एक अंतरिम आदेश है, इसलिए हम इसमें दखल नहीं देना चाहते। हाई कोर्ट की राय प्रथम दृष्टया है और मामले का अंतिम फैसला करते समय इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।”सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान ASG एसवी राजू ने कहा कि तथ्यों को गलत तरीके से दर्ज किया गया है। कृपया इस पर ध्यान दें। इसके बाद अपने आदेश में सुप्रीम कोर्ट ने दर्ज किया- “हमने ASG की इस बात पर ध्यान दिया है कि तथ्यों को गलत तरीके से दर्ज किया गया है। मामले का निपटारा किया जाता है।”
बीते 17 नवंबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सपा नेता आजम खान को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत दे दी थी। इसके बाद 18 नवंबर को आजम खान डासना जेल से बाहर आए थे। जेल से बाहर आने के बाद आजम खान रामपुर पहुंचे थे। रिहाई के बाद आजम खान ने कहा था कि इस बार का चुनाव इंकलाब होगा, सैलाब होगा।

By Admin