Share

मुरादाबाद. त्योहारों के बीच बाजार में चीनी की किल्लत ने मिठास महंगी कर दी है। पांच अक्तूबर से मिलों से आपूर्ति प्रभावित होने के कारण फुटकर बाजार में चीनी के दाम 48 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति किलो पहुंच गए हैं। वहीं, पिछले दस दिनों में गुड़ और बूरा की कीमतों में भी 10 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है।
दोनों के दाम 60 से बढ़कर 70 से 80 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। नवरात्र से दिवाली तक मिठाइयों और पकवानों की मांग बढ़ने के बीच कीमतों में उछाल से लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। कटरा नाज, गंज बाजार, जीएमडी रोड और गांधी नगर समेत शहर के विभिन्न बाजारों में चीनी 60 रुपये प्रति किलो बिक रही है।
व्यापारियों के मुताबिक, थोक बाजार में चीनी 50 किलो की बोरी 2900 रुपये में मिल रही है। परिवहन, अन्य खर्च और मुनाफा जोड़ने के बाद फुटकर कीमत 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। पांच दिनों में चीनी के दाम 25 फीसदी तक बढ़े हैं। चीनी के साथ गुड़ और बूरा की कीमतों में भी तेजी आई है।
व्यापारियों के मुताबिक, दस दिन पहले गुड़ और बूरा 60 रुपये प्रति किलो बिक रहे थे, जबकि अब बूरा 70 रुपये और गुड़ 70 से 80 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। त्योहारों में मिठाइयां और घरों में पकवान बनाने के लिए इनकी खपत बढ़ जाती है। ऐसे में कीमतें बढ़ने से ग्राहकों का खर्च भी बढ़ रहा है। चीनी डीलर राजेंद्र वर्मा के मुताबिक, पांच अक्तूबर से मिलों की ओर से चीनी की आपूर्ति नहीं हो रही है। मिलों से न तो बिक्री के लिए चीनी मिल रही है और न ही कीमतों की जानकारी दी जा रही है। इस संबंध में थोक विक्रेताओं को व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना भी दी गई है। आपूर्ति प्रभावित होने से बाजार में उपलब्ध चीनी के दाम बढ़ गए हैं। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान चीनी की मांग सामान्य दिनों की तुलना में बढ़ जाती है। ऐसे समय में आपूर्ति बाधित होने से बाजार पर दबाव पड़ रहा है। कुछ दुकानदारों ने कीमतों में लगातार बदलाव और कारोबार में होने वाली परेशानी के कारण चीनी की बिक्री बंद करने की बात भी कही है। उपायुक्त गन्ना हरपाल सिंह ने बताया कि मंडल में 23 चीनी मिलें हैं, जिनमें कुल 18.35 लाख क्विंटल चीनी का स्टॉक उपलब्ध है। जिला विपणन अधिकारी विनीता मिश्रा ने कहा कि चीनी की कीमत बढ़ने की शिकायत मिली है। कालाबाजारी रोकने के लिए डीलरों के स्टॉक की जांच की जाएगी।

By Admin