देहरादून. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एसआईआर मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस के विरोध पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश में एसआईआर पहली बार नहीं हो रहा है। इससे पहले भी कई बार यह प्रक्रिया अपनाई जा चुकी है, तब इस पर आपत्ति क्यों नहीं की गई।
धामी ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया जिस तरह होनी चाहिए, उसी तरह की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या घुसपैठियों को वोट देने का अधिकार मिलना चाहिए? उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई व्यक्ति एक से ज्यादा जगह मतदाता के रूप में दर्ज है तो इससे चुनाव प्रभावित होता है। ऐसे में मतदाता सूची में इस तरह की गड़बड़ियों को दूर करना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर मतदाता सूची को शुद्ध और व्यवस्थित किया जा रहा है तो किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस की आपत्ति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इससे ऐसा लगता है कि कुछ गड़बड़ है।
धामी ने कहा कि देश संविधान के अनुसार चलेगा और व्यवस्था के मुताबिक ही काम होगा। एसआईआर को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है, जबकि धामी पहले भी चुनाव आयोग की इस प्रक्रिया का बचाव कर चुके हैं
