नमो क्रिकेट लीग: सीएम धामी ने बल्ले पर आजमाया हाथ, क्रिकेट खेल युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

19
Share

देहरादून. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित ‘नमो क्रिकेट लीग’ में प्रतिभाग कर युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट भी खेला। मुख्यमंत्री को अपने बीच खेलता देख खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

नमो क्रिकेट लीग में देश के विभिन्न हिस्सों से 30 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी खेल प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

‘क्रिकेट को हां, नशे को ना’ का दिलाया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और युवाओं को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे से पूरी तरह दूर रहने और अपने साथियों व आसपास के अन्य युवाओं को भी नशे से बचाने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘क्रिकेट को हां और नशे को ना’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन की ओर ले जाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि यदि जीवन में कोई लत लगानी ही है तो खेल और फिटनेस की लगाएं तथा यदि कोई जुनून पालना है तो अपने सपनों और लक्ष्यों को हासिल करने का जुनून पालें। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा नशे में नहीं, बल्कि खेल, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण में लगनी चाहिए।

खेल से अनुशासन और नेतृत्व की भावना होती है विकसित
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व, धैर्य और टीम भावना भी विकसित होती है। खेल के मैदान में खिलाड़ी जीत से विनम्रता और हार से सीख लेकर आगे बढ़ना सीखता है। उन्होंने कहा कि खेल हमें सिखाता है कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए टीम भावना, निरंतर प्रयास, अनुशासन और पूरे समर्पण के साथ आगे बढ़ना जरूरी है।