एजेंसी समाचार
उत्तराखंड। वीकेंड पर पर्यटकों की भारी आमद ने पहाड़ों की रानी मसूरी की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह पटरी से उतार दिया। शुक्रवार से ही शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने के बाद शनिवार को हालात और बिगड़ गए। माल रोड के भगत सिंह चौक, लाइब्रेरी चौक और किंग्रेग समेत कई स्थानों पर घंटों जाम लगा रहा। जाम में एंबुलेंस के साथ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी भी फंसे रहे। सबसे गंभीर स्थिति भगत सिंह चौक के पास देखने को मिली, जहां जाम में एंबुलेंस फंस गई। वीकेंड के चलते कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही के चलते शुक्रवार को भीमताल से लेकर कैंची धाम तक घंटों जाम का सामना करना पड़ा। कैंची धाम में जाम लगने से सबसे अधिक परेशानियों का सामना अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, रानीखेत, धारचूला, बागेश्वर और हल्द्वानी की ओर आने और जाने वाले यात्रियों और सैलानियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों को तीन घंटे से अधिक जाम का सामना पड़ा। सुपर वीकेंड पर ऋषिकेश में भी भारी जाम लग गया। नेपालीफार्म से नीरगड्ड पहुंचने में ढाई घंटे लगे। वाहनों की भीड़ के सामने पुलिस की व्यवस्थाएं कम पड़ गई। पर्वतीय क्षेत्रों से आ रहे वाहनों को ब्रह्मपुरी से लक्ष्मणझूला होते हुए पशुलोक बैराज भेजा। चारधाम यात्रा बढ़ने के साथ ही ज्योतिर्मठ क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी चरमरा गई है। ज्योतिर्मठ से विष्णुप्रयाग तक वाहन सुबह से जाम में फंसते रहे। अपराह्न लगे जाम से करीब सात किमी तक वाहनों की कतार लगी रही।बदरीनाथ धाम में यात्रियों की संख्या में काफी इजाफा हो रहा है। साथ ही हेमकुंड साहिब की यात्रा भी अंतिम चरण में है, इसके चलते दोनों जगह यात्रियों की संख्या काफी बढ़ गई है।











