‘कैप्टन स्मित मच्छार आप हीरो हैं’: प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय पायलट की तारीफ की, बोले- देश को तुम पर गर्व है

21
Share

नई दिल्ली.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैंकड़ों यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ की है। पीएम मोदी ने पायलट स्मित मच्छार को हीरो बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा एक पोस्ट में कहा, ‘स्मित मच्छार एक हीरो हैं.’ पीएम मोदी ने कहा कि बहुत ही खतरनाक हालात और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद भी उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए बहुत ही हिम्मत दिखाई। उनकी बहादुरी की वजह से ही सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई। भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है। हम उनके जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।

भारतीय पायलट ने कैसे बचाई 174 लोगों की जान?
बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान को हाईजैक कर क्रैश करने की कोशिश की गई। आरोपी सह-पायलट ही था, लेकिन विमान के भारतीय पायलट स्मित मच्छार ने आरोपी की साजिश को नाकाम कर दिया। इस दौरान आरोपी सह-पायलट ने स्मित मच्छार पर चाकू से हमला किया और विमान के सिस्टम को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि मुश्किल हालात में भी कैप्टन स्मित मच्छार ने चाकू के कई वार झेलने के बावजूद गजब की हिम्मत दिखाते हुए विमान के कॉकपिट का दरवाजा खोला। जिसके बाद विमान में सवार दो ऑफ ड्यूटी इस्राइली पायलट और अन्य यात्रियों ने हमलावर को काबू किया और 174 यात्रियों को ले जा रहे विमान को क्रैश होने से बचा लिया।