टनकपुर। स्व. कैलाश चंद्र गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर में मंगलवार को खेल महाकुम्भ-मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026 का भव्य शुभारम्भ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट खिलाड़ी गहना महर को मशाल सौंपकर प्रतियोगिता की शुरूआत कराई। खिलाड़ियों ने अनुशासन, निष्पक्षता और खेल भावना के साथ प्रतिभाग करने की शपथ ली। इस दौरान योगासन और उत्तराखंड के पारंपरिक खेल मुर्गा झपट का प्रदर्शन भी हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को खेलभूमि के रूप में स्थापित करना सरकार का लक्ष्य है। खेल महाकुम्भ गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को न्याय पंचायत स्तर से राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का अवसर देगा। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की क्षमता विकसित करने का माध्यम भी हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष विजेता खिलाड़ियों को करीब 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में दी जाएगी। खेल महाकुम्भ की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट आॅफ टर्न सरकारी नौकरी दी जा रही है। अब तक 29 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति मिल चुकी है। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, आवास, भोजन, खेल उपकरण और चिकित्सा जैसी सुविधाओं पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने कहा कि 8 से 14 वर्ष के बच्चों के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना तथा 14 से 23 वर्ष के खिलाड़ियों के लिए मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के माध्यम से छात्रवृत्ति और खेल उपकरणों के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। एक जनपद-एक खेल के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने पर भी जोर है।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि न्याय पंचायत स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के खेल जीवन की पहली महत्वपूर्ण सीढ़ी हैं। चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता रखते हुए प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है।
खेल महाकुम्भ के तहत 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर, 11 से 20 सितंबर तक विधायक चैम्पियनशिप, 21 से 30 सितंबर तक सांसद चैम्पियनशिप तथा 10 से 30 अक्टूबर तक राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी आयोजित होगी। विभिन्न आयु वर्गों के बालक-बालिकाओं के साथ महिला ओपन और दिव्यांगजन वर्ग के खिलाड़ी भी प्रतिभाग करेंगे।
कार्यक्रम में विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित कुमार सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह, जिलाधिकारी मनीष कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, जिला पंचायत अध्यक्ष आनन्द सिंह अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
Home COMMON NEWS टनकपुर में खेल महाकुम्भ-2026 का आगाज, प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच











