हाल के दिनों में ट्रेनों में आग लगने और धुआं उठने की घटनाओं ने रेलवे प्रशासन की चिंता बढ़ा दी

100
Share

हाल के दिनों में ट्रेनों में आग लगने और धुआं उठने की घटनाओं ने रेलवे प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। रेलवे को शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि ये कोई सामान्य घटना नहीं बल्कि सुनियोजित शरारती और आपराधिक गतिविधियों का हिस्सा हो सकती हैं। रेल प्रशासन ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और अन्य एजेंसियों को सभी मामलों की गंभीरता से जांच के निर्देश दिए गए हैं।ताजा मामला हावड़ा स्टेशन पर खड़ी मिथिला एक्सप्रेस से जुड़ा है। इस ट्रेन के एक कोच में आग लग गई। घटना की सूचना मिलने पर जांच की गई। जांच के दौरान कोच से पेट्रोल से भीगा हुआ अधजला कपड़ा बरामद हुआ। इससे साजिश की आशंका और गहरी हो गई हैं।हाल ही में इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस(14802) के बी1 कोच में अमरपुरा स्टेशन के पास धुआं उठने की घटना सामने आई थी। रेलवे के मुताबिक किसी अज्ञात व्यक्ति ने इस्तेमाल किए गए लिनेन और बेडरोल पर जलती हुई सिगरेट या ज्वलनशील वस्तु फेंकी थी। हालांकि रेलवे कर्मचारियों ने समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।पंडित दीनदयाल उपाध्याय गयाजी रेल खंड के सासाराम रेलवे स्टेशन पर भी सोमवार को आग लगने का मामला सामने आया। सासाराम से आरा होकर पटना को जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लगने से प्लेटफॉर्म एवं ट्रेन में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते लोग इधर-उधर भागने लगे। यह घटना सोमवार की सुबह करीब 6 बजे हुई। इस घटना में पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई है, जिसे ट्रेन से अलग कर दिया गया है। आग लगने की घटना की जांच जारी है।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि कुछ असामाजिक तत्व यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालने और रेलवे व्यवस्था में भय और अव्यवस्था फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद रेलवे ने RPF को हाई अलर्ट पर रहने और ट्रेनों तथा स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। रेलवे प्रशासन का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।