गाजियाबाद में एक परिवार के दो लोगों की मौत हो गई। एक युवक ने 13वीं मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया, जबकि उसकी मां का शव फ्लैट में मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कविनगर थाना क्षेत्र स्थित महागुणपूरम सोसाइटी में एक ही परिवार के दो सदस्यों की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। 40 वर्षीय राजबीर सिंह ने 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली, जबकि उनके फ्लैट के अंदर उनकी 70 वर्षीय मां सतनाम कौर मृत अवस्था में पाई गईं। सोसाइटी के फ्लैट नंबर 028 में रहने वाले राजबीर सिंह अपने ही ग्राउंड फ्लोर स्थित फ्लैट से ऊपर 13वीं मंजिल के डक्ट एरिया तक पहुंचे और वहां से नीचे कूद गए। गिरते समय वे बीच में लगे लोहे के शेड से टकराते हुए ग्राउंड फ्लोर पर आ गिरे।घटना के समय पास ही मौजूद गार्ड ने किसी भारी चीज के गिरने की तेज आवाज सुनी। जब वह डक्ट एरिया के पास पहुंचा, तो देखा कि राजबीर खून से लथपथ पड़े हुए हैं। गार्ड के शोर मचाने पर सोसाइटी के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस जब मौके पर पहुंचकर जांच कर रही थी, तभी राजबीर के फ्लैट से तेज बदबू आने पर टीम अंदर गई। वहां उनकी मां सतनाम कौर का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में शव 2–3 दिन पुराना बताया जा रहा है। शरीर पर किसी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मां की मौत के कारणों और बेटे द्वारा आत्महत्या के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है।मृतक राजबीर सिंह की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी। वे फिलहाल कोई नौकरी नहीं करते थे। उनकी पत्नी किरण क्रॉसिंग क्षेत्र में रहती हैं और उनका एक 10 साल का बेटा भी है। आसपास के लोगों का कहना है कि सोसाइटी में राजबीर ही आते-जाते दिखते थे, उनकी मां बहुत कम नजर आती थीं।मामले में पुलिस का कहना है कि आज दिनांक 19.03.2026 को समय करीब 01.50 बजे थाना कविनगर को डॉयल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि महागुनपुरम में 13 वीं मंजिल से एक व्यक्ति ने कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया है । इस सूचना पर थाना कविनगर की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और व्यक्ति को उपचार हेतु मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया जाता है, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। नाम पता पूछने पर पता चलता है कि व्यक्ति का नाम राजवीर पुत्र महेन्द्र सिंह उम्र करीब 40 वर्ष है जो महागुनपुरम के विनायक टावर में अपनी मां के साथ रहता था।











