जौनपुर के कुहिया कम्पोजिट विद्यालय की प्रिंसिपल ने आरोप लगाया है कि स्कूल की सहायक अध्यापिक ने उनके साथ मारपीट की। प्रिंसिपल ने मामले की शिकायत पुलिस में भी की है।
यूपी के जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कुहिया कम्पोजिट विद्यालय में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां क्लास रूम अखाड़े में तब्दील हो गया। बच्चों के सामने ही दो शिक्षिकाओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक हुई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर अब तेज़ी से वायरल हो रहा है। कुहिया कम्पोजिट विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनीता गुप्ता ने सहायक अध्यापिका पर मारपीट और अभद्रता का गंभीर आरोप लगाते हुए सरायख्वाजा थाने में तहरीर दी है। आरोप है कि घटना के छह दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे नाराज प्रधानाध्यापिका बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि 13 मार्च 2026 की सुबह करीब 9 बजे विद्यालय परिसर में अचानक विवाद शुरू हो गया। प्रधानाध्यापिका का आरोप ये भी है कि सहायक शिक्षिका विजय लक्ष्मी यादव ने बिना किसी कारण के अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए विवाद बढ़ाया और वीडियो बनाए जाने का विरोध करते हुए मारपीट करने पर आमादा हो गईं। उन्होंने कहा कि बच्चों के सामने उन्हें धक्का देकर गिराया गया और हाथापाई की गई। वहीं, इस मामले में आरोपी शिक्षिका का बयान सामने नहीं आया है। यह पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़िता ने आरोपी शिक्षिका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं न सिर्फ विद्यालय का माहौल खराब करती हैं, बल्कि मासूम बच्चों के मानसिक विकास पर भी गहरा असर डालती हैं। वहीं, शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है और मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
Home COMMON NEWS कुहिया कम्पोजिट विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनीता गुप्ता ने सहायक अध्यापिका पर मारपीट...











