नई दिल्ली। रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने 8 से 9 मई, 2025 तक रूस की यात्रा के दौरान मास्को में आयोजित विजय दिवस समारोह में भाग लिया। यह समारोह द्वितीय विश्व युद्ध में सोवियत संघ की ऐतिहासिक विजय की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।
अपने दौरे के दौरान मंत्री संजय सेठ ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भेंट की और उन्हें विजय दिवस की बधाई दी। साथ ही भारत की ओर से राज्य प्रायोजित सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में रूस के निरंतर समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
सैन्य सहयोग को नई दिशा देने पर बनी सहमति
मंत्री सेठ ने रूस के उप रक्षा मंत्री कर्नल जनरल अलेक्जेंडर फोमिन के साथ द्विपक्षीय बैठक कर सैन्य और सैन्य-तकनीकी सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने यह सहमति जताई कि मौजूदा संस्थागत ढांचे के तहत सहयोग को और गहरा किया जाएगा और बदलते वैश्विक परिदृश्य में परामर्श को नियमित किया जाएगा।
भारतीय समुदाय से भी की मुलाकात
अपने प्रवास के दौरान मंत्री संजय सेठ ने मास्को स्थित भारतीय दूतावास में भारतीय समुदाय के प्रमुख सदस्यों से भी संवाद किया और उन्हें देश की विकास यात्रा में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया।
भारत-रूस साझेदारी को बताया विशेष
रक्षा राज्य मंत्री की विजय दिवस परेड में भागीदारी और शीर्ष रूसी नेतृत्व से संवाद ने एक बार फिर भारत और रूस के बीच दशकों पुरानी रणनीतिक साझेदारी को दर्शाया है, जिसे दोनों देशों ने “विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त” संबंध का दर्जा दिया है।











