Share

योगी कैबिनेट विस्तार पर अखिलेश यादव का कटाक्ष, कहा- चुनाव में फायदा महसूस हो तो एक और…
अखिलेश यादव ने योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल के हुए पहले मंत्रिमंडल विस्तार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी इतनी घबराई हुई है कि अगर बीजेपी लगे कि उसको आगामी लोकसभा चुनाव में फायदा होगा तो वह मंत्रिमंडल का एक और विस्तार कर सकती है।
समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के दूसरे कार्यकाल के मंगलवार को हुए पहले मंत्रिमंडल विस्तार पर तंज करते हुए बुधवार को कहा कि सत्तारूढ़ बीजेपी इतनी घबराई हुई है कि अगर उसे लगे कि उसको आगामी लोकसभा चुनाव में फायदा होगा तो वह मंत्रिमंडल का एक और विस्तार कर सकती है। हाल ही में दिवंगत हुए संभल से पार्टी सांसद शफीक-उर-रहमान बर्क के दसवें से जुड़ी रस्म में शिरकत करने आए अखिलेश यादव ने संवाददाताओं से बातचीत में मंत्रिमंडल के विस्तार से जुड़े एक सवाल पर ये बात कही।
सपा अध्यक्ष ने कहा, “अगर उन्हें पता चले कि वे ज्यादा वोट हासिल कर सकते हैं, तो वे एक और (मंत्रिमंडल) विस्तार कर देंगे।” उन्होंने कहा, “ये लोग इतने घबराए हुए हैं कि अगर उन्हें पता चले कि हमारे एक पत्रकार मित्र को मंत्री बना दिया जाए, तो इससे दो लोकसभा सीटें जीतने में मदद मिल सकती है, तो वे उसे भी मंत्री बना देंगे। यह मंत्रिमंडल विस्तार जनता की सेवा के लिए नहीं किया गया है और जनता इसे पूरी तरह समझ रही है।”
उन्होंने कहा कि नए मंत्रियों ने ही शपथ ली है, जल्द ही चुनाव की घोषणा हो जाएगी, वे सिर्फ मंत्री बने रहेंगे और काम नहीं कर पाएंगे। मंत्रिमंडल विस्तार के तहत मंगलवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, बीजेपी विधान परिषद सदस्य दारा सिंह चौहान, बीजेपी विधायक सुनील शर्मा और बीजेपी के सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल के विधायक अनिल कुमार ने मंत्री पद की शपथ ली थी।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उनकी पार्टी के और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा जल्द ही की जाएगी। उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव को संविधान बचाने की सबसे बड़ी लड़ाई बताया। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “इस देश में जो सबसे बड़ी लड़ाई होने वाली है वह संविधान को बचाने की होगी। बाबा साहब आंबेडकर जी ने संविधान दिया जिसने सभी को समान अधिकार और सम्मान दिया है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आगामी चुनाव में परिवार को मुद्दा बनाए जाने के सवाल पर यादव ने कहा कि बीजेपी को तय कर लेना चाहिए कि वह परिवार के सदस्यों को टिकट नहीं देगी और ना ही परिवार के सदस्यों से वोट मांगेगी। सपा अध्यक्ष ने बुधवार को आगरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से मेट्रो परियोजना के डिजिटल तरीके से किए गए उद्घाटन पर भी कटाक्ष किया और कहा कि यह समाजवादी पार्टी सरकार की परियोजना थी, बाद में आई बीजेपी सरकार ने केवल काम धीमा किया और बड़े अनमने ढंग से इसे पूरा किया।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *