Share

आने वाली है BJP के लोकसभा उम्मीदवारों की लिस्ट! पीएम मोदी की मौजदूगी में कल होगी चुनाव समिति की बैठक
जानकारी के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी भी जल्द ही अपने लोकसभा उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है। पीएम मोदी की मौजूदगी में पार्टी के केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होने जा रही है।
निर्वाचन आयोग की ओर से आगामी लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान जल्द ही किया जा सकता है। भाजपा, कांग्रेस समेत तमाम राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों ने इस चुनाव के लिए कमर कस के अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। आम आदमी पार्टी समेत कई दलों ने तो अपने उम्मीदवारों का भी ऐलान कर दिया है। ऐसे में बड़ी खबर आई है कि भारतीय जनता पार्टी भी जल्द ही लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है। आइए जानते हैं कि क्या है इस मामले में पूरा अपडेट।
भारतीय जनता पार्टी भी जल्द ही अपने लोकसभा उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है। खबर आई है कि कल गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होने वाली है। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी की मौजूदगी में ये बैठक शाम 7 बजे के लगभग शुरू होगी। इस बैठक में लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाई जा सकती है।
पीटीआई के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई की चुनाव समिति ने राष्ट्रीय राजधानी की सात लोकसभा सीट के वास्ते पार्टी नेतृत्व को 25-30 संभावित उम्मीदवारों की सूची सौंपी है। पार्टी नेताओं ने बुधवार को यह जानकारी दी। प्रदेश भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि नयी दिल्ली लोकसभा सीट के लिए वर्तमान सांसद मीनाक्षी लेखी के अलावा विदेश मंत्री एस जयशंकर, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी और दिवंगत नेता सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज के नाम संभावित प्रत्याशियों में शामिल हैं।
लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले यूपी-बिहार और हिमाचल को लेकर INDIA TV CNX की ओर से किया गया ओपिनियन पोल भी सामने आ गया है। उत्तर प्रदेश में भाजपा+ को 80 में से 78 लोकसभा सीटें मिलने का अनुमान है। ओपिनियन पोल में बिहार में भाजपा+ को 40 में से 35 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में किए गए ओपिनियन पोल में भाजपा को सभी 4 सीटों पर जीत मिलती दिख रही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *