Share

अयोध्या में रामभक्तों का चेन छीनने वालों पर हुई कार्रवाई, पुलिस ने 16 आरोपियों को किया गिरफ्तार
भगवान राम के दर्शन करने अयोध्या गए कुछ लोगों संग छिनैती की घटना बीते दिनों देखने को मिली थी। इस बीच अयोध्या पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इन आरोपियों के पास सोने की चेन भी बरामद की है।
अयोध्या पुलिस ने श्री राम जन्मभूमि सहित विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं से चेन छीनने की घटनाओं में शामिल एक गिरोह के 16 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने धार्मिक नगरी अयोध्या, वाराणसी और मथुरा में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चेन छीनने और चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपी बिहार के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से सोने की 11 चेन और अन्य सामान बरामद किया जिनकी कीमत करीब 21 लाख रुपये है। इसके अलावा उनके पास से दो एसयूवी कार बरामद की गईं हैं।
पुलिस के मुताबिक, राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद अयोध्या में चेन छीनने और चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। पुलिस ने बताया कि 10 फरवरी को श्रीराम जन्मभूमि थाना क्षेत्र स्थित राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में कर्नाटक और तमिलनाडु से आए श्रद्धालुओं की चेन छीनने की घटनाएं हुई थी, जिसके बाद पीड़ितों ने थाने में मामले दर्ज कराए थे । पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी । राम जन्मभूमि सुरक्षा प्रभारी और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अतुल कुमार सोनकर ने बताया, ” अयोध्या पुलिस ने शुक्रवार को कोतवाली फैजाबाद के पुलिस लाइन ओवर ब्रिज के पास से 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।”
उन्होंने बताया कि श्री राम जन्मभूमि क्षेत्र, हनुमानगढ़ी मंदिर और नागेश्वरनाथ मंदिर में भक्तों से चेन छीनने और लूट की घटना में ये आरोपी शामिल थे। पुलिस ने बताया कि ये बदमाश गिरोह बनाकर धार्मिक स्थलों पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे । पुलिस के मुताबिक, ये सभी आरोपी पहले भी मथुरा, वाराणसी और अन्य राज्यों के धार्मिक स्थलों पर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। बता दें कि 22 जनवरी को राम मंदिर में रामलला की हुई प्राण प्रतिष्ठा के बाद से भारी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं। ऐसे में इस तरह की कुछ घटनाएं भी बीते दिनों देखने को मिली हैं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *