Share

AAP ने कांग्रेस से गठबंधन किया तो 3-4 दिन में गिरफ्तार होंगे केजरीवाल’, आतिशी का दावा
दावा किया कि CBI शनिवार या रविवार को केजरीवाल को नोटिस जारी करने वाली है। उन्होंने कहा कि संदेशवाहकों द्वारा यह भी बताया गया कि केजरीवाल को जेल से बाहर रखने का एकमात्र तरीका ‘आप’ द्वारा विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को छोड़ना है।
आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता आतिशी ने गुरुवार को दावा किया कि यदि पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर समझौता करती है तो अगले तीन से चार दिन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आतिशी ने एक संवाददाता सम्मेलन में यह भी दावा किया कि CBI शनिवार या रविवार को केजरीवाल को नोटिस जारी करने वाली है।
उन्होंने दावा किया, ‘‘जब से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चा अंतिम चरण में पहुंचने की खबरें आ रही हैं, बुधवार शाम से ही आप नेताओं को संदेश मिल रहे हैं कि यदि आप ने कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर समझौता किया तो केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’ दिल्ली की मंत्री ने दावा किया कि संदेशवाहकों द्वारा यह बताया गया कि शनिवार या रविवार को मुख्यमंत्री को सीबीआई द्वारा नोटिस जारी किया जाएगा और फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संदेशवाहकों द्वारा यह भी बताया गया कि केजरीवाल को जेल से बाहर रखने का एकमात्र तरीका ‘आप’ द्वारा विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को छोड़ना है। आतिशी ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के नेता इस संबंध में एक-दो दिन में आधिकारिक रूप से घोषणा कर सकते हैं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *