Share

‘आपने युवराज को स्टार्टअप बनाकर रख दिया’, PM मोदी ने राहुल गांधी पर कसा तंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए कांग्रेस पार्टी के नेताओं पर जमकर निशाना साधा और पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जु खरगे के साथ-साथ राहुल गांधी पर तंज भी कसा।
राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए पीएम नरेंद्र मोदी।
नई दिल्ली: राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाम लिए बिना कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि इन लोगों की मर्यादा इतनी है कि इन्होंने अपने युवराज को एक स्टार्टअप बनाकर रख दिया है, न तो वह लॉन्च हो रहे और न ही लिफ्ट हो रहे। पीएम मोदी की यह बात सुनकर सदन में ठहाके गूंज उठे। बता दें कि इसके पहले पीएम मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर भी तंज कसा था। उन्होंने कहा, ‘मैं खरगे जी का विशेष आभार प्रकट करता हूं। मैं उस दिन इन्हें बहुत ध्यान और आनंद से सुन रहा था। लोकसभा में मनोरंजन की जो कमी हमें खल रही थी, वो इन्होंने पूरी कर दी थी।’
PM नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए कांग्रेस पार्टी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, ‘जिस कांग्रेस ने सत्ता के लालच में सरेआम लोकतंत्र का गला घोंट दिया था, जिस कांग्रेस ने दर्जनों बार लोकतांत्रिक तरीके से चुनकर आई सरकारों को रातों-रात बर्खास्त कर दिया था, जिस कांग्रेस ने देश के संविधान, लोकतंत्र की मर्यादाओं को जेल की सलाखों की पीछे बंद कर दिया था, जिस कांग्रेस ने अखबारों पर ताले लगाने की कोशिश की थी, उस कांग्रेस ने अब देश को तोड़ने का नैरेटिव गढ़ना शुरू कर दिया है। अब वे देश को उत्तर-दक्षिण में तोड़ने के बयान दे रहे हैं।’
पीएम मोदी ने कहा कि जिस कांग्रेस ने जात-पात और भाषा के नाम पर देश को बांटने में कोई कसर नहीं छोड़ी, जिस कांग्रेस ने आतंकवाद और अलगाववाद को अपने हित में पनपने दिया, जिस कांग्रेस ने नॉर्थ ईस्ट को हिंसा, अलगाव और पिछड़ेपन में धकेल दिया, कांग्रेस ने देश के लिए नक्सलवाद को एक बड़ी चुनौती बनाकर छोड़ा दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की बहुत बड़ी जमीन दुश्मनों के हवाले कर दी। इससे पहले सोमवार को पीएम मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लोकसभा में अपना संबोधन दिया था। लोकसभा में भी उन्होंने कांग्रेस को निशाने पर लिया था।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *