Share

हरदा हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान
मध्य प्रदेश के हरदा में आज सुबह एक फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट के बाद कई लोगों की मौत हो गई है, जबकि 63 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। वहीं पीएम मोदी ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। साथ ही मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजा राशि का ऐलान किया है।
पीएम नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश के हरदा शहर में एक फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद आग लगने की घटना में हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इसके साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान भी किया है। बता दें कि हारदा शहर की फैक्ट्री में विस्फोट के बाद आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि 63 अन्य घायल हो गए हैं। माना जा रहा है कि ये आंकड़ा अभी और भी अधिक हो सकता है। इस हादसे के बाद आस-पास के जिलों में भी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से ‘एक्स’ पर किये गए एक पोस्ट के मुताबिक, PM मोदी ने इस हादसे में हुई लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई। PM मोदी ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की और कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावितों की हरसंभव मदद कर रहा है। पीएमओ ने कहा कि प्रत्येक मृतक के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये दिये जाएंगे और घायलों को पचास-पचास हजार रुपए दिए जाएंगे।
मंगलवार की सुबह राजधानी भोपाल से लगभग 150 किलोमीटर दूर हरदा शहर के बाहरी इलाके मगरधा रोड पर बैरागढ़ में ये दर्दनाक हादसा हुआ। अभी भी मौके पर राहत और बचाव का कार्य जारी है। मौके पर फायर और एम्बुलेंस की 50 से भी अधिक गाड़ियां मौजूद हैं, जबकि डॉक्टरों की तमाम टीमों को भी रवाना कर दिया गया है। घटना के बाद हरदा में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। घटना के बाद स्थिति पैनिक ना हो, इसलिए यह कदम उठाया गया है। बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री लंबे समय से अवैध रूप से संचालित हो रही थी। इस फैक्ट्री में लगभग डेढ़ सौ लोग काम कर रहे थे, जो इस घटना में हताहत हुए हैं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *