Share

यूपी का मौसम: खिलती धूप के साथ चढ़ा पारा, न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के पार, जानिए कब होगी बारिश
लगातार लुढ़कता पारा, घना कोहरा और धूप के न निकलने से बनी नमी कड़ाके की ठंड का अहसास करा रही थी। सोमवार से मौसम बदलने लगा है। इस सीजन में लंबे समये के बाद सोमवार को मौसम खुला और पारा चढ़ने लगा। ज्यादार इलाकों में सामान्य से अधिक पारा दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के पार गया। वहीं अधिकतम तापमान लखीमपुर खीरी में 13 डिग्री रहा, पर अधिकतर क्षेत्रों में 17 से लेकर 25 डिग्री से अधिक दर्ज हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, इसका असर दिखने लगेगा। 31 जनवरी से प्रदेश में बारिश के आसार बन गए हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र में रिकार्ड आंकड़ों के मुताबिक, प्रयागराज में न्यूनतम तापमन 12..2 डिग्री रहा, जबकि झांसी में 11.1 डिग्री। बिजनौर में 6 डिग्री रहा, अधिकतर इलाकों में 7 डिग्री से लेकर 10.6 डिग्री के बीच रहा। मौसम में ये सुधार बीते दो दिन से देखा जा रहा है।मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता बढ़ने से सतही स्तर पर हवा का रुख बदल गया है। पुरवा हवा चल रही है। कोहरा छंटने से धूप खिल रही है। गलन का प्रभाव कम हो रहा है। आने वाले समय में रात और दिन में ही कोहरा रहने के आसार हैं। 31 जनवरी तक ये स्थिति बनी रहेगी। दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा छंटने के कारण आने वाले 3 से चार दिन में ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है। वहीं लगातार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण 31 से चार फरवरी तक प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ रुक-रुक कर हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं।
कोहरे को लेकर अलर्ट का दायरा घटा
कोहरे और गलन को लेकर अलर्ट का दायरा घट गया है। जिन इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया गया है, उनकी संख्या घटकर आधी से भी कम हो गई है। श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुरखीरी, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं व आसपास के इलाको में घना कोहरा रह सकता है।
सप्ताह के पहले दिन सोमवार की शुरुआत भी कोहरे के साथ हुई, लगा कि आज भी धूप खिलने के आसार कम हैं। अचानक जैसे-जैसे दिन चढ़ा तेज धूप खिल उठी। नुक्कड़-बाजार, ऑफिसों के बाहर बड़ी संख्या में लोग धूप का आनंद लेते दिखे। मौसम विभाग का कहना है कि इस सीजन में ये सर्वाधिक तेज धूप खिली। रात का पारा 8.5 डिग्री और दिन का तापमान 22..9 डिग्री पहुंचा। न्यूनतम तापमान में रविवार की अपेक्षा 0..5 डिग्री की बढ़त दिखी जबकि दिन का पारा 3.7 डिग्री चढ़ा।
आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, आसमान साफ होने, कोहरा छंटने से धूप खिल रही है, इससे पारा बढ़ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से एक फरवरी को बादल छाए रहने के आसार हैं। पानी की संभावना फिलहाल नहीं दिख रही, लेकिन एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के बने रहने से मौसम में बदलाव जरूर होगा।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *