Share

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा: राहुल गांधी के निर्वाचन क्षेत्र वायनाड में NDA की भव्य जश्न की योजना
अयोध्या में भव्य राम मंदिर को लेकर जबरदस्त उत्साह है। आज भी राम मंदिर में आज तरह-तरह के अनुष्ठान हो रहे हैं। प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन पूरे देश में जगह-जगह भव्य कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसी कड़ी में एनडीए की वायनाड में भी भव्य जश्न की योजना है।
राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की घड़ी नजदीक आ गई है। अग्नि स्थापना के बाद अब प्राण प्रतिष्ठा का इंतजार हो रहा है। आज प्रधानमंत्री मोदी ने भी कहा कि जिस पल का इंतजार दशकों से हो रहा था वो 22 जनवरी को पूरा हो रहा है। वहीं, आपको बता दें कि भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) अयोध्या में राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर वायनाड लोकसभा क्षेत्र में भव्य आयोजन की तैयारी कर रहा है। वायनाड का प्रतिनिधित्व कांग्रेस नेता राहुल गांधी करते हैं।
पार्टी के सूत्रों ने बताया कि वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर आयोजित सीधे प्रसारण के कार्यक्रम में एनडीए के अन्य नेताओं के साथ वायनाड में होंगे। वे पोंकुझी श्री राम मंदिर में अयोध्या समारोह का सीधा प्रसारण देखेंगे।
भाजपा के एक सूत्र ने बताया कि जावड़ेकर और स्थानीय भाजपा नेताओं के अलावा इस कार्यक्रम में एनडीए के राज्य संयोजक तुषार वेल्लापल्ली भी शामिल होंगे। तुषार वेल्लापल्ली एजावा समुदाय के नेता और श्री नारायण धर्म परिपालन (एसएनडीपी) योगम के महासचिव वेल्लापल्ली नटेसन के बेटे हैं और उन्होंने 2019 में वायनाड लोकसभा क्षेत्र में राहुल के खिलाफ एनडीए के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। सूत्रों के मुताबिक, राहुल के निर्वाचन क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य कांग्रेस पार्टी और उसके नेतृत्व को एक राष्ट्रव्यापी संदेश भेजना भी है जिन्होंने अयोध्या में मंदिर प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के निमंत्रण को अस्वीकार कर दिया है।
भाजपा के सूत्रों ने सुल्तान बाथरी-मैसूर रोड पर स्थित केरल मंदिर के महत्व के बारे में भी बताया। उनके अनुसार रामायण से इसका काफी करीबी संबंध है। यह मंदिर मुथांगा वन्यजीव अभयारण्य से लगभग चार किलोमीटर दूर पोंकुझी नदी के तट के पास एक शांत क्षेत्र में स्थित है। इस मंदिर में प्रमुख देवताओं के रूप में भगवान राम, देवी सीता, भगवान लक्ष्मण और भगवान हनुमान की मूर्तियां विराजमान हैं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *