Share

22 जनवरी को प्रदेश में बंद रहेंगी शराब की दुकानें, सरकार ने जारी किया आदेश
अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इसके साथ ही अब पूरे प्रदेश में शराब की दुकानें भी बंद रहेंगी।
22 जनवरी को प्रदेश में बंद रहेंगी शराब की सभी दुकानें
अयोध्या: अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंदिर के गर्भगृह में रामलला की मूर्ति की स्थापना करेंगे। इस कार्यक्रम की सफलता के लिए सरकार के साथ-साथ राम जन्मभूमि ट्रस्ट भी काम कर रहा है। ट्रस्ट ने देश की 6 हजार से ज्यादा हस्तियों को न्योता भेजा है। इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए कई खास तैयारियां की गई हैं।
22 जनवरी को प्रदेश में रहेगा सार्वजनिक अवकाश
वहीं प्रदेश सरकार ने 22 जनवरी को पूरे प्रदेश सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। इसके साथ ही सरकार ने इस दिन पूरे प्रदेश में शराब के ठेकों को बंद करने का आदेश जारी किया है। आबकारी विभाग ने प्रदेश के सभी आबकारी आयुक्तों और जिलाधिकारियों को पत्र लिखते हुए कहा है कि 22 जनवरी को सभी शराब के ठेके बंद रखे जाएं।
22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी
प्रदेश के आबकारी आयुक्त की तरफ से लिखे गए पत्र में कहा गया है कि अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसे देखते हुए प्रदेश की सभी मदिरा की दुकानें बंद रहेंगी। इस पत्र में कहा गया है कि इस बंदी के लिए लाइसेंसधारी किसी प्रतिकार या दावे का हकदार नहीं होगा। आबकारी आयुक्त ने कहा है कि सभी जिला आबकारी अधिकारी इस आदेश का कड़ाई से पालन कराएं।
सुरक्षा के लिए पुलिस के विशेष प्रबंध
इस कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात होंगे। इसके लिए यूपी पुलिस ने अभी से ही तैयारी शरू कर दी है। उस तैयारी के बाबत यूपी पुलिस के स्पेशल डीजी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए यूपी पुलिस ने विशेष तैयारी की है। प्रशांत कुमार ने बताया कि अयोध्या आने-जाने वाली सभी सड़कों को सुरक्षित किया जा रहा है। यहां किसी भी तरह की दिक्कत ना हो, इसका भी खेल रखा जा रहा है। सड़कों पर नियमित अंतराल के बाद गस्त लगे जा रही है। कॉल 112 की गाड़ियां भी तैनात हैं। इसके साथ ही ऑपरेशन त्रिनेत्र की मदद से भी हर जगह नजर रखी जा रही है।
अयोध्या के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही
प्रशांत कुमार ने बताया कि अयोध्या के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि डीजीपी और शासन के आदेश पर सिर्फ और सिर्फ अयोध्या जिले में ही 10 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही अयोध्या नगरी में कई आधुनिक संसाधन लगाए जा रहे हैं, जिससे पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को मदद मिले। उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में किसी तरह का व्यवधान नहीं आएगा।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *