Share

मध्य प्रदेश: कमलनाथ को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाया गया, इस नेता को दी गई जिम्मेदारी, नेता प्रतिपक्ष का भी ऐलान
मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने पार्टी में बड़ा फेरबदल किया है। जीतू पटवारी को एमपी कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया है और कमलनाथ को इस पद से हटा दिया गया है। बता दें कि इस विधानसभा चुनाव में जीतू पटवारी भी चुनाव हार गए थे।E
एमपी कांग्रेस के अध्यक्ष पद से कमलनाथ को हटाया, जीतू पटवारी को जिम्मेदारी
भोपाल: मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने पार्टी में बड़ा फेरबदल किया है। पूर्व सीएम कमलनाथ को पार्टी ने मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद से हटा दिया है। जीतू पटवारी को एमपी कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया है। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस में ये बड़ा बदलाव देखने को मिला है। हालांकि पूर्व विधायक जीतू पटवारी इस विधानसभा चुनाव में हार गए थे, लेकिन फिर भी पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है।
आदिवासी नेता उमंग सिंघार को नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। वह गंधवानी से विधायक हैं। वहीं हेमंत कटारे को उप नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। उमंग सिंघार और हेमंत कटारे चुनाव जीत गए थे।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 163 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। वहीं कांग्रेस को केवल 66 सीटें ही मिलीं।इसके बाद बीजेपी ने मोहन यादव को मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया। इसके अलावा बीजेपी ने जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला को डिप्टी सीएम बनाया।
प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने यादव, देवड़ा एवं शुक्ला को भोपाल के मोती लाल नेहरू स्टेडियम में दिन में साढ़े 11 बजे आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा एवं अन्य नेता मौजूद रहे। सीएम पद की शपथ लेने के साथ ही मोहन यादव ने अपने नाम एक खास उपलब्धि जोड़ ली।
मोहन यादव शपथ लेने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी से संबंध रखने वाले 50वें मुख्यमंत्री बन गए। इससे पहले त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा बीजेपी की तरफ से 49वें मुख्यमंत्री बने थे। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से पहले मुख्यमंत्री के रूप में राजस्थान के कद्दावर नेता भैरों सिंह शेखावत का नाम दर्ज है। उन्होंने 4 मार्च 1990 को राजस्थान के मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी। उनके बाद दूसरे नंबर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री शांता कुमार, तीसरे नंबर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा, चौथे नंबर पर यूपी के सीएम कल्याण सिंह और पांचवें नंबर पर दिल्ली के सीएम मदन लाल खुराना का नाम आता है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *