Share

सेमीफाइनल में भारतीय टीम की जीत के लिए दुआ कर रहा पूरा देश, विश्व हिंदू परिषद ने हनुमान मंदिर में किया यज्ञ
भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज खेले जा रहे सेमीफाइनल मैच के लिए पूरे देशा उत्साहित है। सभी भारतीय टीम की जीत की कामना कर रहे हैं। विश्व हिंदू परिषद ने भारतीय टीम की जीत के लिए हनुमान मंदिर में यज्ञ किया है।
नागपुर: भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज सेमीफाइनल मैच खेला जा रहा है। ऐसे में पूरा देश भारतीय क्रिकेट टीम की जीत के लिए दुआ कर रहा है। विश्व हिंदू परिषद ने नागपुर के संकट मोचन हनुमान मंदिर में यज्ञ किया है और जीत के लिए प्रार्थना की है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नागपुर के जरिपटका मे स्थित हनुमान मंदिर में हवन पूजन किया और भारतीय टीम की सेमीफाइनल में जीत के लिए दुआएं मांगी।
भारतीय खिलाड़ियों का चित्र हाथ में लेकर हवन कुंड में आहुति
कार्यकर्ताओं ने भारत का तिरंगा लिए हुए हवन किया और भारतीय खिलाड़ियों का चित्र हाथ में लेकर हवन कुंड में आहुति अर्पित की। विश्व हिंदू परिषद के महानगर महामंत्री अमोल ठाकरे ने बताया कि संकट मोचन हनुमान मंदिर में सेमीफाइनल में विजयी होने के लिए भारतीय टीम के लिए यज्ञ और हवन रखा गया। भगवान हनुमान भारतीय टीम को शक्ति देंगे।
उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप में जिस दिन भारतीय टीम जीतेगी, उस दिन फिर से दिवाली मनाई जाएगी। भगवान यज्ञ देवता भारतीय टीम को शक्ति दें, जिससे वह सेमीफाइनल और फाइनल में जीत हासिल करे।
गौरतलब है कि क्रिकेट महाकुंभ वनडे वर्ल्ड कप 2023 का रण अपने आखिरी चरण में है। मौजूदा वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। वर्ल्ड कप 2019 का सेमीफाइनल भी दोनों टीमों के बीच खेला गया था। तब न्यूजीलैंड की टीम ने बाजी मारी थी। इस बार भारतीय टीम शानदार फॉर्म में चल रही है। भारत ने लीग स्टेज में अपने सभी मैच जीते हैं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *