Share

काला पति मिला तो पत्नी ने पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, अब अदालत ने सुनाई उम्रकैद की सजा
उत्तर प्रदेश के संभल की जिला अदालत ने हत्यारी पत्नी को उम्रकैद की सजा सुनाई है। महिला ने अपने पति को काला होने की वजह से जिंदा जला दिया था। रंग काला होने की वजह से पत्नी अपने पति को पसंद नहीं करती थी।
पति का रंग काला होना एक पत्नी को इतना बुरा लगा था कि उसने पति को जिंदा जला दिया। पत्नी ने सोते हुए पति पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। इसकी वजह से पति सत्यवीर की मौत हो गई थी। मामला उत्तर प्रदेश के संभल जिले के थाना कुढ़फतेहगढ़ का है। मामले में संभल की जिला अदालत ने आज यानी 7 नवंबर को हत्यारी पत्नी प्रेमश्री को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने पत्नी को सजा सुनाते हुए 25 हजार का अर्थदंड भी लगाया है। घटना 15 अप्रैल 2019 की है। मृतक सत्यवीर के भाई ने बताया कि उसकी भाभी प्रेमश्री सुंदर थी, लेकिन भाई सत्यवीर का रंग काला था, इसलिए वो भाभी को पसंद नहीं था। भाई को भाभी बात-बात पर काला-कलूटा कहती थी। इसी वजह से दोनों के बीच लड़ाई रहती थी। जब घर के लोग खेत पर गए हुए थे और सत्यवीर घर पर सोया हुआ था तब पत्नी प्रेमश्री ने उसके ऊपर पैट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे गंभीर रूप से जलने के कारण सत्यवीर की मौत हो गई। मृतक के भाई हरवीर की ओर से प्रेमश्री के खिलाफ थाना कुढ़फतेहगढ़ में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
चीख पुकार के बाद एंबुलेंस बुलाया गया शिकायत में हरवीर ने प्रेमश्री उर्फ नन्ही को आरोपी बताते हुए कहा था कि 15 अप्रैल 2019 की सुबह वो और उसके पिता खेत पर गेंहू काटने गए हुए थे। घर पर भाई सत्यवीर सोया हुआ था, तभी प्रेमश्री ने लिहाफ पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी, जिससे उनका भाई सत्यवीर बुरी तरह से जल गया। चीख पुकार के बाद 108 एंबुलेंस को बुलाकर अस्पताल ले जाया गया। रात 9:45 बजे सत्यवीर की मौत हो गई। इसके बाद मुकदमा 302 में लिखा गया। सारे साक्ष्य के बाद आज अपर न्यायाधीश पॉस्को एक्ट की अदालत से प्रेमश्री को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। प्रेमश्री की एक बेटी भी है।
अदालत के फैसले पर जताई खुशी
फैसला आने के बाद मृतक के भाई और मुकदमे में वादी हरवीर ने अदालत के फैसले पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि न्यायालय से उसे न्याय मिला है। हरवीर और उनके अधिवक्ता ने भी बताया कि प्रेमश्री की ओर से लड़ाई का कारण सत्यवीर का काला होना ही सामने आया, जिसे प्रेमश्री बार-बार दोहराती थी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *