Share

ग्रेटर नोएडा की हाईराइज सोसाइटी में फंसी लिफ्ट, 15 से 20 मिनट बाद बाहर निकल पाए 4 लोग
ग्रेटर नोए़डा की चेरी काउंटी सोसाइटी में एक लिफ्ट में 4 लोगों के करीब 20 मिनट तक फंस जाने के चलते हड़कंप मच गया था।
ग्रेटर नोएडा: देश के बड़े शहरों की हाईराइज सोसाइटियों में लिफ्ट से जुड़ी दुर्घटनाओं की खबरें लगातार आ रही हैं। दिल्ली-NCR के ग्रेटर नोएडा और अन्य इलाकों में भी इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं। ताजा मामला ग्रेटर नोएडा का है, जहां एक सोसाइटी की लिफ्ट फंसने से लोगों की सांस अटक गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा की चेरी काउंटी हाउसिंग सोसाइटी में एक लिफ्ट करीब 20 मिनट तक फंसी रही। इस दौरान लिफ्ट के अंदर एक बुजुर्ग महिला सहित 4 लोगों की सांसें अटकी रहीं। करीब 20 मिनट के बाद इन लोगों को मेंटेनेंस टीम और सुरक्षाकर्मियों ने जैसे-तैसे बाहर निकाला।
घटना के वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि किस तरह से लिफ्ट के अंदर फंसे लोग डरे हुए हैं। बताया जा रहा है कि ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र की चेरी काउंटी सोसाइटी में शनिवार सुबह एक लिफ्ट अटक गई। लिफ्ट में एक बुजुर्ग महिला सहित 4 लोग सवार थे। बी-3 टावर में जब यह लोग लिफ्ट में ऊपर जा रहे थे, अचानक से ही झटका लगने के बाद लिफ्ट रुक गई जिसके चलते उसमें फंसे हुए लोग घबरा गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान उन लोगों ने अलार्म बजाया और इमरजेंसी बटन भी दबाया। घबराहट इतनी ज्यादा थी कि इन लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद मेंटेनेंस की टीम और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे।
लिफ्ट के लॉक को खोलकर इन लोगों को जैसे-तैसे बाहर निकाला गया है। ये लोग करीब 15 से 20 मिनट तक इस लिफ्ट में फंसे रहे। लिफ्ट में फंसने के कारण बुजुर्ग महिला को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोसाइटी के लोगों ने बताया कि इस लिफ्ट में ARD सिस्टम यानि कि ऑटोमैटिक रेस्क्यू डिवाइस लगा हुआ है, जिसके चलते पावर जाने के बाद लिफ्ट ऑटोमेटिक पार्क हो जाती है। लेकिन, इस डिवाइस ने काम नहीं किया और यह लिफ्ट बीच में ही अटक गई, जिसकी वजह से लोग घबरा गए। लोगों के सकुशल बाहर निकलने पर सोसाइटी के निवासियों ने राहत की सांस ली।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *