आगरा कमिश्नरेट ने शुरू किया मिशन शक्ति डिकॉय ऑपरेशन

112
Share

आगरा कमिश्नरेट ने शुरू किया मिशन शक्ति डिकॉय ऑपरेशन, सीएम योगी ने चौथे चरण का किया आगाज़
आगरा कमिश्नरेट ने भी छेड़छाड़ करने वालों को पकड़ने और राज्य की हर लड़की/महिला के लिए सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए मिशन शक्ति डिकॉय ऑपरेशन को शुरू किया है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की मिशन शक्ति के चौथे चरण की शुरुआत
आगरा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में मिशन शक्ति अभिायान के चौथे चरण की शुरुआत की है। इस मिशन के तहत अब आगरा कमिश्नरेट ने भी छेड़छाड़ करने वालों को पकड़ने और राज्य की हर लड़की/महिला के लिए सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए मिशन शक्ति डिकॉय ऑपरेशन को शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य है कि महिलाएं और लड़कियां अपने साथ होने वाले किसी भी प्रकार के अपराध के संबंध में चुप ना रहें। इससे पहले सीएम योगी ने लखनऊ में मिशन शक्ति के चौथे चरण की शुरुआत की थी।
आगरा में मिशन शक्ति डिकॉय ऑपरेशन की शुरुआत के दौरान आगरा कमिश्नरेट ने एक शॉर्ट फिल्म भी जारी की है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे इस मिशन के तहत लड़कियों और महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ और अन्य अपराधों पर नकेल कसी जाएगी। बीते शनिवार को जब सीएम योगी ने मिशन शक्ति के चौथे चरण की शुरूआत की थी तो कहा था कि महिलाएं इच्छा शक्ति और सरकार के समर्थन से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने में सक्षम हैं। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा और कल्याण से संबंधित सरकारी पहल के बारे में लोगों को जागरुक करने के लिए चौथे चरण के तहत 15 अक्टूबर से एक अभियान शुरू किया जाएगा। “त्योहारों के दौरान महिला सुरक्षा के हो पुख्ता इंतजाम”
एक सरकारी बयान में मुख्‍यमंत्री योगी के हवाले से कहा गया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए और सभी की जवाबदेही तय होनी चाहिए। इस बैठक के दौरान मुख्‍यमंत्री ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान का समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘मिशन शक्ति’ अभियान महिलाओं और बेटियों को सशक्त व स्वावलंबी बनाने के लिए चलाया जा रहा है।
महिलाओं के लिए मददगार विभिन्न सरकारी योजनाओं का हवाला देते हुए, आदित्यनाथ ने इस बात पर जोर दिया कि ‘‘इच्छा शक्ति और सरकार और प्रशासन के सहयोग से, महिलाओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने की क्षमता है।’’ आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश पूरे देश में सबसे बड़ा आबादी वाला राज्य है। ऐसे में आधी आबादी के लिए विशेष प्रयास होने चाहिये। मिशन शक्ति के चौथे चरण के तहत रैली की शुरुआत इसे ही दर्शाता है।’’

LEAVE A REPLY