Share

सपनों की रेल…नवरात्रि में कर सकेंगे RAPIDX में सफर, PM मोदी हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना
पीएम मोदी रैपिडएक्स ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सुहाने सफर की सौगात देंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री ट्रेन में यात्रियों के साथ सफर भी करेंगे। दिल्ली से मेरठ तक इस ट्रेन का ट्रैक 82 किलोमीटर का होगा।
देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन रैपिडएक्स (RAPIDX) में सफर करने का इंतजार अगले कुछ दिनों में खत्म होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवरात्रि में किसी भी दिन रैपिडएक्स ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सुहाने सफर की सौगात देंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री ट्रेन में यात्रियों के साथ सफर भी करेंगे। करीब 30 हजार करोड़ रुपये की लागत से यह बनकर तैयार हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी का यह ड्रीम प्रोजेक्ट है। दिल्ली से मेरठ तक इस ट्रेन का ट्रैक 82 किलोमीटर का होगा, जिसमें 70 किलोमीटर ट्रैक एलिवेटेड होगा।
इस ट्रेन की रफ्तार कुल 180 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। रैपिडएक्स का साहिबाबाद से दुहाई तक का पहला खंड बनकर तैयार है। पांच महीने से इस पर 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रायल चल रहा है। 17 किलोमीटर के इस तैयार ट्रैक पर 5 स्टेशन बने हैं। 15 अक्टूबर से शुरू होने जा रहे नवरात्रि के बाद 16 से 20 अक्टूबर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसी भी दिन इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाने गाजियाबाद आ सकते हैं। साहिबाबाद स्टेशन के सामने वसुंधरा सेक्टर- 8 में प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा भी प्रस्तावित है।
कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां जोरों पर शुरू हो चुकी हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 अक्टूबर को तैयारी का जायजा लेने के लिए गाजियाबाद आएंगे। इस बीच, स्टेशन से लेकर ट्रेन के अंदर तक पुलिस-प्रशासन की तरफ से सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर भी तैयारी शुरू कर दी गई है। हालांकि, अभी आधिकारिक रूप से पीएम मोदी के आने की फिक्स तिथि का ऐलान नहीं हुआ है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि 20 अक्टूबर को पीएम मोदी के आने को लेकर तैयारी शुरू की जा रही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *