Share

दीवार से टकराने के बाद पुल से लटकी बस, 30 यात्रियों की अटकी रहीं सांसें… ओडिशा में टला बड़ा हादसा
बस अंगुल से रवाना हुई थी और इसे भुवनेश्वर पहुंचना था लेकिन 10.30 बजे कटक जिले में यह हादसा हो गया। बस के अगले दो पहिए पुल से लटक रहे थे। यदि बस और आगे बढ़ जाती तो वह पुल से नीचे गिर सकती थी, जिससे एक बड़ा हादसा हो सकता था।
भुवनेश्वर: ओडिशा के कटक जिले में मंगलवार को 30 लोग उस समय बाल-बाल बच गए जब एक बस महानदी पर बने एक पुल की दीवार से टकराने के बाद काफी देर तक पुल से लटकी रही। इन लोगों को बाद में वाहन से निकाला गया। यह जानकारी पुलिस ने दी। बांकी पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक काबुली बारिक ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब 10.30 बजे जतिमुंडिया-सुवर्णपुर पुल पर हुई जब बस अंगुल से भुवनेश्वर जा रही थी।
पुल से लटक रहे थे बस के 2 पहिए
बस ड्राइवर श्रीकांत बेहरा ने कहा, ‘‘हालांकि मैंने ब्रेक लगाया और बस को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन यह पुल के किनारे पर बनी दीवार से टकरा गई। बस के अगले दो पहिए पुल से लटक रहे थे। अन्य वाहनों में सफर कर रहे लोग बस के यात्रियों को बाहर निकालने के लिए रुक गए।’’ बारिक ने कहा कि चालक समेत सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया। उन्होंने कहा, ‘‘दुर्घटना में कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।’’ उन्होंने बताया कि बस को बाद में पुल से हटा दिया गया। इस दौरान यात्री काफी सहम गए थे।
बस और आगे बढ़ जाती तो पुल से नीचे गिर सकती थी
बस सुबह 7.45 बजे अंगुल से रवाना हुई थी और इसे दोपहर 12 बजे भुवनेश्वर पहुंचना था। एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि यदि बस और आगे बढ़ जाती तो वह पुल से नीचे गिर सकती थी, जिसके परिणामस्वरूप एक बड़ा हादसा हो सकता था।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *