Share

अब तो हो गई पढ़ाई! सरकारी स्कूल की टीचर रील्स बनाने में मस्त, बच्चों से कराती हैं लाइक और सब्सक्राइब
यूपी के जिला अमरोहा के एक गांव में एक सरकारी स्कूल में कुछ टीचर की पोस्टिंग की गई थी कि वे वहां के बच्चों को पढ़ाएंगी। लेकिन इन शिक्षिकाओं को तो सोशल मीडिया पर फेमस होने का भूत सवार है। स्कूल में ऑन ड्यूटी रील्स बनाती हैं और छात्रों से लाइक और सब्सक्राइब करवाती हैं।
अमरोहा: शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार लगातार कड़े प्रयास कर रही है। लेकिन राज्य में कुछ टीचरों ने शिक्षा व्यवस्था को चूना लगाने की ठान रखी है। यूपी के जिला अमरोहा से एक खबर सामने आई है, जहां कुछ महिला शिक्षकों का शिक्षा की बजाय सोशल मीडिया पर पूरा फोकस है और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई छोड़कर कंटेंट क्रिएटर बनना चाह रही हैं। जानकारी मिली है कि अमरोहा के हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव खुंगावली के सरकारी स्कूल में तैनात एक नहीं बल्कि चार-चार महिला शिक्षिकाएं ऑन ड्यूटी रील्स बनाने में व्यस्त रहती हैं।
बच्चों को करना पड़ता है लाइक और सब्सक्राइब
सरकारी स्कूल की इन महिला टीचरों को सोशल मीडिया पर फेमस होने का भूत इस कदर सवार है कि वे विद्यालय में आने के बाद बच्चों को पढ़ाने की जगह रील्स बनाने में लग जाती हैं। चाहे बारिश का मौसम क्यों ना हो, वे उसमें भी डांस करती हैं, रील्स बनाती हैं और फिर उसे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वायरल करती हैं। इतना ही नहीं ये टीचर स्कूल के बच्चों से कहती है कि हमारे यूट्यूब चैनल और इंस्टाग्राम को लाइक और सब्सक्राइब करो। बच्चों का कहना है कि अगर कोई छात्र ये करने से मना करता है तो उसकी पिटाई होती है।
खंड शिक्षा अधिकारी ने दिए जांच के आदेश
जब कुछ बच्चे टीचर की इन हरकतों से तंग आ गए तो इस मामले की शिकायत अपने घर वालों से की। इसके बाद गांव वालों ने इस मामले की शिकायत शिक्षा विभाग से की। सरकारी स्कूल की चारों महिला टीचरों का वीडियो वायरल होने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी भरत भूषण सिंह ने बताया कि वीडियो के आधार पर मामले की जांच खण्ड शिक्षा अधिकारी गंगेश्वरी आरती गुप्ता को सौंपी गई है। खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि जांच में जो भी सामने आएगा उससे संबंधित महिला टीचरों के खिलाफ विभाग के द्वारा कार्रवाई की जाएगी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *