Share

मुरादाबाद में टीचर ने छात्र के सीने पर मारे घूंसे, ICU में भर्ती; हार्ट के सॉफ्ट टिशू में हुई इंजरी
परिजनों ने बताया कि स्कूल से सूचना मिली थी कि आपका बच्चा बेहोश हो गया है। स्कूल जाकर जानकारी की गई तो पता चला कि मैथ्स के टीचर ने उसकी बेरहमी से पिटाई की है।
मुरादाबाद के नामी इंग्लिश मीडियम स्कूल में सातवीं कक्षा के एक छात्र की टीचर ने ऐसी पिटाई कर दी कि उसे ICU में भर्ती कराना पड़ा। परिजनों का आरोप है कि टीचर ने 13 वर्षीय छात्र के सीने में घूंसे मारे जिससे उसके हार्ट की झिल्ली (सॉफ्ट टिशू) फट गई। परिजनों ने स्कूल के टीचर और प्रिंसिपल के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
घटना मुरादाबाद जिले के मझोला थाना की है। परिजनों ने बताया कि गुरुवार को स्कूल से सूचना मिली कि आपका बच्चा बेहोश हो गया है। स्कूल जाकर जानकारी की गई तो पता चला कि मैथ्स के टीचर ने उसकी बेरहमी से पिटाई की है। जब स्कूल प्रिंसिपल से इसकी शिकायत की गई तो उल्टा वह हमें ही डांटने लगे। परिजनों ने आनन-फानन में बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने घटना को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
वहीं आरोपी शिक्षक का कहना है कि बच्चों को शरारत करने पर डांटा था, जिससे वह गुस्से में आ गया। जैसे ही मैंने उसका हाथ पकड़ा, वह गिर गया और घायल हो गया। शिक्षक ने बताया कि उन्होंने छात्र को एक भी थप्पड़ या घूंसा नहीं मारा है।
एसपी सिटी अखिलेश भदोरिया के मुताबिक कल इस मामले में प्रार्थना पत्र दिया गया था मामले में जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, फिलहाल बच्चा अस्पताल में भर्ती है और खतरे से बाहर है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। छात्र के दादा अनिल कुमार ने जिलाधिकारी से मिलकर स्कूल की मान्यता खत्म करने की बात कही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *