Share

वाराणसी में बनने जा रहा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, खर्च होंगे 350 करोड़, जानें कब तक होगा तैयार
यह स्टेडियम 31 एकड़ के विस्तृत परिसर में बनेगा जिसके निर्माण में कुल 350 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। बता दें कि इस स्टेडियम में करीब 30 हजार लोगों के बैठने की क्षमता होगी।
काशी को जल्द ही एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियन की सौगात मिलने वाली है। बताया जा रहा है कि यह क्रिकेट स्टेडियम अगले साल के अंत तक बनकर तैयार हो जाएगा। यह क्रिकेट स्टेडियम सभी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस उत्तर प्रदेश का पहला क्रिकेट स्टेडियम होगा जिसका संचालन बीसीसीआई (बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया) करेगा। लांग टर्म लीज के तहत वह हर साल इसके एवज में एक तय रकम भी सरकार को देगा। यह स्टेडियम 31 एकड़ के विस्तृत परिसर में बनेगा जिसके निर्माण में कुल 350 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। बता दें कि इस स्टेडियम में करीब 30 हजार लोगों के बैठने की क्षमता होगी।
काशी का यह स्टेडियम पूर्वांचल ही नहीं सटे हुए बिहार, मध्य प्रदेश (एमपी), छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ियों के हुनर को निखारने का बेहतरीन केंद्र बनेगा। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में वर्ल्ड क्लास क्रिकेट स्टेडियम का प्रस्ताव पहले से था। समस्या जमीन की थी। पूरी प्रक्रिया में सितंबर 2022 से तेजी आई। जमीन की खरीद के लिए 120 करोड़ रुपये का बजट कैबिनेट से मंजूर होने के बाद करीब 31 काश्तकारों से जमीनें खरीद ली गईं। खास बात यह रही कि यह पूरी प्रक्रिया विवाद रहित पूरी कर ली गई। सरकार की ओर से जमीन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) को सौंपी जा चुकी है। इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में देश की सबसे नामचीन संस्थाओं में से एक लार्सन एंड टुब्रो (एलएनटी)को इसके निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है। फिलहाल इस स्टेडियम के डिजाइन को अंतिम रूप दिया जा रहा है। डिजाइन/ नक्शे पर अंतिम निर्णय होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय के अपर मुख्य सचिव डॉ। नवनीत सहगल ने कहा कि यूपी में क्रिकेट की प्रतिभाओं की भरमार है। सुरेश रैना, चाइनामैन कहे जाने वाले कुलदीप यादव, लेग स्पिनर पीयूष चावला, फास्ट बॉलर प्रवीण कुमार, बल्लेबाज के साथ कमाल के फील्डर रहे मोहम्मद कैफ जैसे प्रसिद्ध खिलाड़ी उत्तर प्रदेश से ही रहे हैं। आईपीएल और अन्य लीगों में भी प्रदेश के कई खिलाड़ी बेहतर कर रहे हैं। काशी का स्टेडियम इनके साथ अन्य प्रतिभावान युवा क्रिकेटरों की प्रतिभा निखारने का जरिया बनेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि आबादी के अनुरूप उत्तर प्रदेश खेलों में भी सिरमौर बने। यह प्रयास उसी मंशा की एक कड़ी है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *