Share

नई दिल्ली : भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने वाले पहलवानों के समर्थन में खाप पंचायतों की ओर से 28 मई को नए संसद भवन के सामने महिला पंचायत के आह्वान के बाद दिल्ली पुलिस ने किसी भी विरोध प्रदर्शन या सभा को रोकने के लिए दिल्ली की सभी सीमाओं को सील करने का फैसला किया है। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी 28 मई को नए संसद भवन का उद्घाटन करेंगे।

दिल्ली पुलिस के अनुसार महिला पंचायत के लिए अभी तक कोई अनुमति नहीं दी गई है। प्रदर्शनकारियों को 28 मई को खाप पंचायत आयोजित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी उसी दिन नए संसद भवन का उद्घाटन करेंगे। नए संसद भवन के उद्घाटन के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी ना हो इसके लिए दिल्ली पुलिस ने खास तैयारियां शुरू कर दी हैं। 28 मई को जंतर-मंतर के आसपास के सभी रास्ते जो संसद की ओर जाते हैं, बंद कर दिए जाएंगे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार 28 मई को सभी संवेदनशील क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल और अर्धसैनिक बल के जवानों को तैनात किया जाएगा। महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती भी बड़ी संख्या में होगी। कुल मिलाकर नई दिल्ली में 20 से अधिक पुलिस कंपनियां तैनात की जाएंगी। इनमें 10 से अधिक महिला कंपनियां शामिल होंगी। सूत्रों ने बताया कि संसद के पास के मेट्रो स्टेशन 28 मई को बंद रहेंगे। दिल्ली मेट्रो को पत्र भेजकर दो मेट्रो स्टेशनों को बंद करने का निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यूपी और हरियाणा के किसान दिल्ली में प्रवेश करने की कोशिश कर सकते हैं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *