Share

देश के इन दो राज्यों में भारी बारिश के आसार, मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की, जानें कब जारी होता है रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने केरल और हिमाचल के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। केरल में चार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है जबकि हिमाचल प्रदेश के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
देश के कई राज्यों में इन दिनों बारिश हो रही है। बारिश से जहां तापमान में गिरावट आई है वहीं फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। इस बीच मौसम विभाग ने केरल और हिमाचल प्रदेश में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। केरल में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है जबकि हिमाचल प्रदेश में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। सबसे पहले बात करते हैं केरल की जहां मौसम विभाग ने राज्य के चार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
एर्नाकुलम, इडुक्की में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
केरल के जिन चार जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है उसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने पतनमथित्ता, एर्नाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कुछ जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। केरल के जिन जिलों के लिए येलो अलर्ट किया गया है उनमें तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलाप्पुझा, कोट्टायम, पालक्काड और मलप्पुरम जिले शामिल हैं। हिमाचल में बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों सहित निचले और मध्य ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर छह मई तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के सभी 12 जिलों के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश जारी है। मौसम विभाग ने बताया कि मंडी जिले के जोगिंदरनगर में सबसे अधिक 47 मिमी, मनाली में 24 मिमी, पच्छाद में 23 मिमी, सोलन में 11.2 मिमी तथा शिमला में 8 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश की वजह से राज्य में 17 सड़कों पर आवागमन बाधित हो गया है।
सोलन जिले में पत्थर गिरने से घर क्षतिग्रस्त
मौसम विभाग के मुताबिक, सोलन जिले में रुक-रुक कर हुई बारिश के बाद मंगलवार तड़के सबथू क्षेत्र के मंजू आरिया इलाके में पत्थर गिरने से एक घर क्षतिग्रस्त हो गया और एक व्यक्ति घायल हो गया। वहीं, पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटना में शिमला जिले के कुमारसैन निवासी उमेश्वर के सतलुज नदी में डूबने की आशंका है। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ की टीम और स्थानीय पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
क्या होता है रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विभाग की तरफ से बारिश को लेकर रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट क्या होता है आइये इसके बारे में जानते हैं। दरअसल, रेड अलर्ट का मतलब 24 घंटे में 20 सेंटीमीटर से अधिक की अत्यधिक भारी बारिश होता है जबकि ऑरेंज अलर्ट का मतलब छह से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश से होता है और येलो अलर्ट का मतलब छह से 11 सेंटीमीटर के बीच भारी बारिश से होता है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *