Share

सावधान! अगर ऐसे ही रहे हालात तो दिल्ली में कहर बरपाएगा कोरोना, तेजी से बढ़ रहे हैं मामले
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में बुधवार को पहली बार एक दिन में संक्रमितों की संख्या 1,000 को पार कर गई। पिछले सात महीनों में यह पहली बार हुआ है। शहर में संक्रमण की दर 23.8 प्रतिशत रही।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में कोरोना के मामले एक बार फिर बढ़ने लगे हैं। संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो रहा है। आंकड़े डराने वाले हैं। अब तो लोकनायक जयप्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. सुरेश कुमार ने भी चेताया है। उन्होंने कहा कि कोरोना से संक्रमित एक नवजात को इस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगले कुछ दिनों में दिल्ली में कोविड संक्रमण के मामले और भी बढ़ सकते हैं।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में बुधवार को पहली बार एक दिन में संक्रमितों की संख्या 1,000 को पार कर गई। पिछले सात महीनों में यह पहली बार हुआ है। शहर में संक्रमण की दर 23.8 प्रतिशत रही। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को कोविड के 1,149 नये मामले आये थे जबकि संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत हुई थी। एलएनजेपी के चिकित्सा निदेशक डॉ. कुमार ने बताया कि अस्पताल में मास्क लगाना अनिवार्य है। दो हजार बिस्तरों वाला यह अस्पताल दिल्ली सरकार के मातहत आने वाला शहर का सबसे बड़ा अस्पताल है। डॉ. कुमार ने कहा, ‘‘बच्चों का टीकाकरण नहीं हुआ है, ऐसे में हमें उनके लिए एहतियात बरतने की जरूरत है क्योंकि उनमें बुखार, खांसी-सर्दी, आंखों में संक्रमण और पेट के संक्रमण जैसे लक्षण नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर हम अभी सावधान नहीं होते हैं तो हालात बेकाबू हो सकते हैं। बच्चों को शिकार बना रहा नया वर्जन
कोरोना वायरस का यह स्वरूप (एक्सबीबी.1.16) बच्चों को ज्यादा प्रभावित कर रहा है। हमारे अस्पताल में 18 दिन के नवजात को भर्ती कराया गया है और वह कोरोना वायरस से संक्रमित है।’’ उन्होंने बताया कि अस्पताल में चार और बच्चे भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि स्कूलों और सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनना सही है, वरिष्ठ नागरिकों को भी मास्क लगाना चाहिए। सावधानी बरतना हमेशा बेहतर होता है। एक-दो सप्ताह में कोविड के मामले होंगे चरम पर
डॉ. कुमार ने कहा कि हम अगले एक-दो सप्ताह में कोविड के मामलों को चरम पर देखेंगे, और फिर उनमें गिरावट आने लगेगी। उन्होंने कहा, ‘‘हमने अस्पताल में मरीजों, खासतौर से बच्चों के लिए पूरे प्रबंध किये है, क्योंकि संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है।’’ दिल्ली में कोविड के मामलों में वृद्धि के बीच चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना वायरस का नया स्वरूप एक्सबीबी.1.16 इस वृद्धि के लिए जिम्मेदार हो सकता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है और लोगों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए टीके की बूस्टर डोज जरूर ले लेनी चाहिए।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *