Share

यूपी: रामपुर में है दुनिया का सबसे बड़ा चाकू, 52 लाख रुपए है कीमत, यहां जानें खासियत
यूपी के रामपुर में दुनिया का सबसे बड़ा चाकू है, जिसकी कीमत 52 लाख रुपए है। ये चाकू जल्द ही गिनीज बुक में भी शामिल हो सकता है। इस चाकू की खासियत ये भी है कि इसमें कभी जंग नहीं लग सकती है और ना ही ये धूप में खराब होगा।
रामपुर में है दुनिया का सबसे बड़ा चाकू
लखनऊ: यूपी के रामपुर में दुनिया का सबसे बड़ा चाकू है। अगर आप इसे देखना चाहते हैं तो आपको रामपुर जाना होगा। इस चाकू को रखने के लिए एक चौराहा भी बनाया गया है, जिसका आज लोकार्पण किया गया। इस चाकू को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में जल्दी ही ‘सबसे बड़े चाकू’ का सर्टिफिकेट मिल जाएगा। इस सबसे बड़े चाकू की कीमत 52 लाख रुपए है और ये चाकू 6.10 मीटर लंबा है। इसे पीतल और स्टील से बनाया गया है।
इस चाकू की खासियत ये भी है कि इसमें कभी जंग नहीं लग सकती है और ना ही ये धूप में खराब होगा। बता दें कि कभी रामपुर अपने चाकुओं के लिए मशहूर था। यहां चाकू बनाने की कला लगभग 100 साल पुरानी है। रामपुरी चाकू की खासियत ये है कि ये बटन से खुलते और बंद होते हैं और इन पर सुंदर नक्काशी होती है।
60 से 70 के दशक की हिंदी फिल्मों में विलेन के हाथ अक्सर रामपुरी चाकू दिखाई देते हैं। 90 के दशक में सरकार ने चार इंच से लंबे चाकू रखने और इस्तेमाल पर रोक लगा दी थी, जिसके बाद रामपुरी चाकू का कारोबार कम होता गया। लेकिन अब रामपुर से बीजेपी विधायक आकाश सक्सेना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को रामपुरी चाकू के लिए पत्र लिखा, जिसके बाद जल्दी ही 9 इंच तक के चाकू बनाने का लाइसेंस मिलने लगेगा।
लोकार्पण के मौके पर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि रामपुरी चाकू कभी डर का प्रतीक था, अब योगी सरकार चाकू के शिल्प को फिर जिंदा करने का काम कर रही है। दुनिया के सबसे बड़े चाकू के लिए 52.52 लाख से चौराहा बनाया गया है, जिसमें लाइट्स और बेंच लगाई गई हैं, जिससे लोग दुनिया के सबसे बड़े चाकू को देख सकें। इससे पहले योगी सरकार बरेली में झुमका लगा चुकी है ।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *