जुमे को हुई हिंसा के बाद ऐक्शन मोड में योगी आदित्यनाथ, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
योगी ने कहा कि उपद्रवियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हो जो असामाजिक सोच रखने वाले सभी तत्वों के लिए एक नजीर बने।योगी ने पुलिस प्रशासन को 24×7 अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया।आरोपियों के वित्तीय स्रोत की गहनता से पड़ताल की जाए: योगी आदित्यनाथयोगी ने कहा कि संपत्ति को हुए नुकसान की वसूली दोषी व्यक्ति से हो।
उत्तर प्रदेश के कई शहरों में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ऐक्शन मोड में हैं। सूबे के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई समीक्षा बैठक में योगी ने पुलिस को शुक्रवार के दिन हुए उपद्रव के आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। योगी ने कहा कि 3 जून को कानपुर में भी ऐसी ही कोशिश की गई थी, और तब भी सतर्कता के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि उसके बाद यूपी के ज्यादातर जिलों में शांति बनी हुई है, और यह आगे भी बनी रहे, इसके लिए सावधान रहना होगा।
‘24×7 अलर्ट मोड में रहे पुलिस प्रशासन’
योगी ने पुलिस प्रशासन को 24×7 अलर्ट मोड में रहने का निर्देश देते हुए कहा कि धर्मगुरुओं, सिविल सोसाइटी समेत सभी पक्षों से अधिकारियों को संपर्क बनाए रखना होगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ उपद्रवियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हो जो असामाजिक सोच रखने वाले सभी तत्वों के लिए एक नजीर बने और कोई माहौल बिगाड़ने के बारे में सोच भी न सके। सीएम ने कहा कि जिन भी जनपदों में आने वाले दिनों में माहौल बिगड़ने की आशंका हो, वहां जरूरत के मुताबिक धारा 144 लगाई जाए।‘नुकसान की वसूली दोषी व्यक्ति से ही कराई जाए’
उपद्रव में बच्चों के शामिल होने की खबरों पर योगी ने कहा, ‘यह दुःखद है कि साजिशकर्ताओं ने अपने कुत्सित उद्देश्यों के लिए किशोरवय युवाओं को सहारा बनाया। ऐसे में मुख्य साजिशकर्ता की पहचान जरूरी है। यह समझना होगा कि असामाजिक तत्वों द्वारा ऐसे प्रयास आने वाले दिनों में फिर से हो सकते हैं।’ योगी ने निर्देश दिया कि सार्वजनिक और आमजन की संपत्ति को हुए नुकसान की वसूली दोषी व्यक्ति से ही कराई जाए। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में वसूली की नोटिस भेजे जाने की कार्यवाही प्रारंभ हो गई है और अन्य जनपद भी तत्परता के साथ कार्यवाही करें।











