Share

लखनऊ . पांचवे चरण का प्रचार शुक्रवार की शाम थम गया। 12 जिलों की 61 सीटों पर रविवार को वोट डाले जाएंगे। शनिवार की शाम इसके लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। इस चरण में सबसे अधिक 692 प्रत्याशी मैदान में हैं। पांचवे चरण के प्रचार के अंतिम दिन सभी राजनैतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुल्तानपुर, प्रयागराज और चित्रकूट में जनसभाएं कर भाजपा के लिए वोट मांगे। फिल्म स्टार और मथुरा से सांसद हेमा मालिनी ने बलिया में भाजपा के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। वहीं अखिलेश यादव ने भी बहराइच और अयोध्या में अपने प्रत्याशी के लिए वोट मांगे। अयोध्या में प्रत्याशियों के लिए रोड शो भी किया। अखिलेश यादव के अलावा आज राज्यसभा सांसद जया बच्चन और पूर्व सांसद डिंपल यादव ने कौशांबी में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के लिए वोट मांगे। प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने भी पांचवे चरण के प्रचार के आखिरी दिन पूरा जोर लगाया। प्रियंका गांधी प्रतापगढ़ और अमेठी में थीं जबकि राहुल गांधी ने अमेठी और प्रयागराज में अपने प्रत्याशी के लिए वोट मांगे।

पांचवे चरण में जिन जिलों में चुनाव होना है उसमें अयोध्या, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशांबी, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, चित्रकूट और रायबरेली (एक सीट के लिए) 27 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। इस चरण में जिन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है उसमें उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, खादी ग्रामोद्योग विभाग के मंत्री सिद्घार्थनाथ सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण व नागरिक उड्डयन मंत्री नंदगोपाल नंदी, प्रतापगढ़ की पट्टी से चुनाव लड़ रहे ग्राम विकास मंत्री मोती सिंह, बहराइच से किसमत आजमा रहे सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा के पुत्र गौरव, समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों में अवधेश प्रसाद, तेज प्रताप पांडेय उर्फ पवन पांडेय, अभय सिंह, पल्लवी पटेल, सपा की सहयोगी दल की प्रत्याशी कृष्णा पटेल, प्रतापगढ़ के कुंडा से रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया, प्रतापगढ़ रामपुर खास से कांग्रेस की प्रत्याशी अराधना मिश्रा की प्रतिष्ठा दांव पर है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि इस चरण में सवा दो करोड़ मतदाता 692 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इसके लिए 14 हजार से अधिक मतदान केंद्रों पर 26 हजार से अधिक मतदेय स्थल बनाए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *