Share

नई दिल्ली.देश में बीते कुछ दिनों से जहां कोरोना संक्रमितों की संख्या में तेजी से कमी आ रही है वहीं आज मृतकों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी रविवार के आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटों में कोरोना के 19,968 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 673 लोगों की मौत हो गई जो की कल की तुलना में दोगुनी से अधिक है। बता दें कि शनिवार के आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटों में कोरोना से 325 लोगों की मौत हुई थी। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़े के अनुसार देश में अब 2.24 लाख ( 2,24,187) सक्रिय मामले बचे हैं। वहीं महामारी की शुरुआत से अब तक स्वस्थ होने वाले कुल मरीजों की संख्या 4.17 करोड़ हो गई है। रोजाना संक्रमण दर की बात करें तो यह 1.68 फीसदी हो गई है।

यूपी में नाइट कर्फ्यू खत्म
उत्तर प्रदेश में कोरोना के मामले लगातार कम होते जा रहे हैं। ऐसे में राज्य सरकार ने कोरोना को लेकर लगाई गई पाबंदियों को कम करना शुरू कर दिया है। इसके तहत प्रदेश की योगी सरकार ने नाइट कर्फ्यू खत्म कर दिया है।

कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा 175 करोड़ के पार
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देशभर में अब तक कोरोना वैक्सीन की 1,75,37,22,697 से अधिक डोज दी जा चुकी हैं।

ठाणे में कोविड-19 के 71 नए मामले
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 71 लोग और कोरोना से संक्रमित हो गए हैं जिससे महामारी के कुल मामलों की संख्या 7,07,788 हो गई है। जबकि एक और मरीज के जान गंवाने से मृतकों की संख्या 11,862 पर पहुंच गई है।

तमिलनाडु में 1051 लोग तो कर्नाटक में 1137 लोग संक्रमित
तमिलनाडु में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,051 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 34,43,980 हो गई है। साथ ही सात रोगियों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 37,977 तक पहुंच गई। वहीं कर्नाटक में कोरोना संक्रमण के 1,137 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 39,35,585 हो गई। इसके अलावा 20 रोगियों की मौत के साथ ही मृतकों की तादाद बढ़कर 39,777 तक पहुंच गई।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *