Share

देहरादून, जेएनएन। दो दिन से दून-मसूरी समेत आसपास के इलाकों में बारिश और बर्फबारी आफत बनी हुई है। बिगड़े मौसम ने हाड़ कंपाने वाली ठंड लौटा दी है। साथ ही धनोल्टी और चकराता में बर्फबारी से आवाजाही भी प्रभावित है, जिससे जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
शनिवार को भी सुबह दून में बारिश का क्रम जारी रहा। रुक-रुककर दिनभर हल्की बारिश से दून के अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे दिन के समय भी हाड़ कंपाने वाली ठंड महसूस की गई। उधर, मसूरी में भी बर्फबारी के चलते पारा लुढ़का और शीत लहर का प्रकोप रहा। दून में शनिवार को भी बारिश के कारण जलभराव की समस्या बनी रही। प्रमुख चैहारों पर बने गड्ढों में पानी भरने से वे खतरनाक हो गए। जबकि नालियां चोक होने से भी गंदा पानी सड़कों पर बहता रहा। उधर, लोखंडी क्षेत्र में आधा फुट से अधिक बर्फ पडने से जौनसार-बावर की लाइफ लाइन कहे जाने वाला चकराता-त्यूणी हाईवे अवरुद्ध हो गया।
मौसम के बदले मिजाज के चलते दो दिन के भीतर दून के अधिकतम तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस की रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई। यही आलम मसूरी का भी रहा। मसूरी मेें तो पारा 13 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। जबकि दून का तापमान सामान्य से भी 11 डिग्री सेल्सियस नीचे है। दून में शनिवार को अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को यह 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। वहीं, मसूरी मेें अधिकतम पारा 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि गुरुवार को यह 18.2 रिकॉर्ड किया गया था।
देहरादून स्थित राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि रविवार से प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, लेकिन यह स्थिति मंगलवार से बदल जाएगी। बुधवार तक फिर बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मंगलवार को होली है, इस दिन मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, आसमान में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *