Share

देहरादून। जिला कबड्डी संघ, देहरादून की ओर से आयोजित हुई राज्य स्तरीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में बीईजी रुड़की ने उत्तराखंड पुलिस को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, तृतीय खेल महाकुंभ की राज्य स्तरीय दिव्यांगजन बैडमिंटन प्रतियोगिता में अपर लिंब पुरुष वर्ग में ऊधमसिंह नगर के रवि पाल और मूक बधिर वर्ग में पिथौरागढ़ के हर्षित चंद ने खिताब जीता
पवेलियन मैदान चल रही प्रतियोगिता में सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल में उत्तराखंड पुलिस ने हरिद्वार को 30-26 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में बीईजी रुड़की ने देहरादून को 32-12 से करारी शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद फाइनल मुकाबला उत्तराखंड पुलिस और बीईजी रुड़की के बीच खेला गया, जिसमें बीईजी रुड़की ने उत्तराखंड पुलिस को 30-26 से हराकर खिताब अपने नाम किया। समापन पर मुख्य अतिथि मसूरी विधायक गणेश जोशी ने विजेता व उपविजेताओं को पुरस्कृत किया। इस दौरान राज्य कबड्डी संघ के अध्यक्ष रणजीत सिंह रावत, सचिव चेतन जोशी, विमल डबराल, किशन डोभाल, प्रमोद पांडे, जितेंद्र नेगी, समेत अन्य मौजूद रहे।
तृतीय खेल महाकुंभ की राज्य स्तरीय दिव्यांगजन बैडमिंटन प्रतियोगिता में अपर लिंब पुरुष वर्ग में ऊधमसिंह नगर के रवि पाल और मूक बधिर वर्ग में पिथौरागढ़ के हर्षित चंद ने खिताब जीता। बारिश के चलते मैदान में पानी भरा होने के कारण एथलेटिक्स के इवेंट नहीं हो सके।
ननूरखेड़ा स्थित बहुद्देश्यीय क्रीड़ा हॉल में आयोजित हुई प्रतियोगिता में शुक्रवार को पहले दिन पुरुष वर्ग के मुकाबले हुए। अपर लिंब पुरुष वर्ग के पहले सेमीफाइनल में चमोली के विक्रम सिंह ने पिथौरागढ़ के अमन को 31-15 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में ऊधमसिंह नगर के रवि पाल ने पिथौरागढ़ के किशन को 31-7 से पराजित किया। इसके बाद खेले गए फाइनल में रवि पाल ने विक्रम सिंह को 31-11 से हराकर खिताब कब्जाया। हार्डलाइन मुकाबले में पिथौरगढ़ के अमन कुमार ने पिथौरागढ़ के ही किशन कुमार को 31-23 हराकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष (मूक और बधिर) वर्ग के पहले मैच में पिथौरागढ के हर्षित चंद ने ऊधमसिंह नगर के राजदीप सिंह को 31-12 से हराया।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *