Share

एजेंसी न्यूज
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए जेपी नड्डा सोमवार को दोपहर बाद पार्टी के अध्यक्ष निर्वाचित होंगे। इस दिन चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने की पूरी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
इस पद के लिए कोई दूसरा उम्मीदवार नहीं होने के कारण नड्डा को आमसहमति से अध्यक्ष बनाया जाएगा। खुद पीएम नरेंद्र मोदी, पार्टीशासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी नड्डा के समर्थन में प्रस्तावक बनेंगे। दोपहर तीन बजे के बाद नड्डा को अध्यक्ष बनाने की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।
नड्डा को संगठन की कमान सौंपने के लिए होने वाला आयोजन बेहद भव्य होगा। इस दौरान सभी केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों-उपमुख्यमंत्रियों, केंद्रीय पदाधिकारियों, राज्यों के अध्यक्षों को उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। नड्डा के निर्वाचण की घोषणा के बाद पार्टी मुख्यालय में पीएम कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। पूरा कार्यक्रम दोपहर बाद तीन बजे से पांच बजे के बीच होगा।
इस बीच चुनाव अधिकारी बनाए गए राधामोहन सिंह ने चुनाव से जुड़ी सारी औपचारिकताओं को अंतिम रूप दे दिया है। इसके लिए मतदाता सूची तैयार है। चूंकि नड्डा के अलावा कोई और उम्मीदवार नहीं होगा, इसलिए चुनाव कराने की महज औपचारिकता ही पूरी की जाएगी।
नड्डा की ताजपोशी ऐसे समय में की जा रही है जब सियासी दृष्टि से बेहद अहम माने जा रहे दिल्ली विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऐसे में नड्डा को पद संभालते ही दिल्ली चुनाव की पहली चुनौती से जूझना होगा। पार्टी की स्थापना के बाद यह पहला मौका है जब लोकसभा या विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया जारी रहते राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव का फैसला किया गया है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *