Share

नई दिल्ली। नए साल की शुरुआत में पहले दिन ही ग्राहकों को महंगाई का झटका लगा है। 1 जनवरी 2020 से बिना सब्सिडी वाला घरेलू गैस सिलिंडर महंगा हो गया है। महानगरों में इसकी कीमत में 21.50 रुपये तक का इजाफा हुआ है। महानगरों में 14.2 किलोग्राम वाला इंडेन गैस 22 रुपये तक महंगा हो गया है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलिंडर की कीमत दिल्ली में 714 रुपये, कोलकाता में 747 रुपये, मुंबई में 684.50 रुपये और चेन्नई में 734 रुपये है। लगातार पांचवें महीने एलपीजी गैस सिलिंडर की कीमत में बढ़ोतरी हुई है।
दिसंबर में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस की कीमत दिल्ली में 695 रुपये, कोलकाता में 725.50 रुपये, मुंबई में 665 रुपये और चेन्नई में 714 रुपये थी। अगस्त के महीने में रसोई गैस सिलिंडर करीब 62 रुपये सस्ता हुआ था। उसके बाद हर महीने कीमत में बढ़ोतरी होती गई। अगस्त महीने से घरेलू गैस करीब 140 रुपये तक महंगा हो चुका है।
वहीं, 19 किलोग्राम वाले सिलिंडर की कीमत में भी करीब 33 रुपये तक का इजाफा हुआ है। 1 जनवरी से इस सिलिंडर की कीमत दिल्ली में 1241 रुपये, कोलकाता में 1308.50 रुपये, मुंबई में 1190 रुपये और चेन्नई में 1363 रुपये है। दिसंबर में 19 किलोग्राम वाले सिलिंडर की कीमत दिल्ली में 1211.50 रुपये, कोलकाता में 1275.50 रुपये, मुंबई में 1160.50 रुपये और चेन्नै में 1333 रुपये थी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *