Share

रुड़की। रामनगर बैंक में रुपये जमा कराने आई महिला से दिनदहाड़े बैंक के बाहर ही दो बदमाशों ने लूट की। बदमाश महिला से रुपयों भरा पर्स छीनकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने पीछा किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के कृष्णानगर निवासी सरिता का रामनगर स्थित सेंट्रल बैंक में खाता है। गुरुवार दोपहर महिला सात हजार रुपये बैंक में जमा कराने आई थी। महिला ने पर्स में पैसे रखे थे। जैसे ही महिला बैंक के बाहर आई तो पीछे से दो बदमाश पहुंच गए। इससे पहले की महिला कुछ समझ पाती, बदमाशों ने महिला का पर्स छीन लिया। महिला ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश उसे धक्का देकर उसका पर्स छीनकर फरार हो गए। एकाएक हुई घटना से महिला भी हतप्रभ रह गई। महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग और दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए। इन लोगों ने बदमाशों का पीछा किया। लेकिन बदमाश पैदल ही लोगों को चकमा देकर वहां से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई घटना से शहर में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश साह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। बैंक के बाहर सीसीटीवी कैमरे नहीं थे। पुलिस अब बैंक के आसपास प्रतिष्ठानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश साह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र ही बदमाशों की धरपकड़ की जाएगी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *