Share

नई टिहरी। होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे एक शातिर छात्र ने पहले युवती को फेसबुक पर फ्रेंड बनाया। बाद में युवती से घर के बारे में सुरागकशी कर चोरी कर डाली। पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को माल समेत ऋषिकेश से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक इन्हीं शातिर चोरों ने घनसाली क्षेत्र में भी बीते माह लाखों की चोरी की थी। दोनों घटनाओं में चोरी किए माल की कीमत लगभग आठ लाख रुपये बताई जा रही है। नई टिहरी में पत्रकारों से बातचीत में एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने दो चोरियों का पर्दाफाश किया।
उन्होंने बताया कि 16 नवंबर को घनसाली में और 27 नवंबर को नई टिहरी के पास एक गांव में चोरों ने लाखों रुपये के जेवर और नकदी उड़ा ली थी। इस मामले में पुलिस ने ढालवाला ऋषिकेश से तीन युवकों को माल समेत दबोच लिया। एसएसपी ने बताया कि पुलिस को कई ज्वैलर्स से जानकारी मिली कि कुछ युवक सोने के जेवर बेचने का प्रयास कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने तीनों युवकों को धर दबोचा।
तीनों युवकों की पहचान गौतम ऊर्फ शीनू निवासी गंगा रिवेरा होटल हरिद्वार, मोहन ऊर्फ सागर रमोला निवासी गुमानीवाला ऋषिकेश और राहुल चैहान निवासी संधू कॉलोनी अमृतसर पंजाब बताया है। इनमें गौतम और राहुल ऋषिकेश के एक संस्थान में होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि मोहन शातिर चोर है और उस पर ऋषिकेश में कई मुकदमे दर्ज हैं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *