देहरादून। सस्ते प्याज के दाम में तीन रुपये का उछाल आने के बाद राशन की दुकानों में भी प्याज महंगा हो गया है। सुबह से मंडी में काउंटर पर स्टेंडर्ड प्याज 51 रुपये किलो के भाव से बिका। वहीं अब राशन की दुकानों में यह प्याज 54 रुपये किलो बिकेगा। प्याज के दाम काबू में नहीं आना सभी के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।
हफ्ते भर पहले जिलाधिकारी के आदेश पर आपूर्ति विभाग ने राशन की दुकानों में सस्ता प्याज मुहैया कराना शुरू किया था। लेकिन, अब मंडी में ही इस प्याज का दाम तीन रुपये किलो बढ़ गया है, जिसके बाद राशन की दुकानों में भी प्याज के दाम बढ़ गए हैं। राशन की दुकानों में अब सस्ता प्याज 54 रुपये किलो मिलेगा। वहीं कई दुकानदारों ने प्याज उठाने से ही हाथ पीछे खींच लिए हैं।
विभाग ने 28 दुकानों को सस्ता प्याज बांटने के लिए चिह्नित किया था, लेकिन शुक्रवार को इनमें से छह डीलरों ने ही प्याज उठाया। राशन डीलरों का कहना है कि प्याज खरीदने और ढुलान के बाद बेचने से कोई फायदा नहीं हो रहा। जिला आपूर्ति अधिकारी जसवंत सिंह कंडारी ने कहा कि मंडी में दाम बढ़ने के चलते सीमित दुकानों ने प्याज उठाया। हालांकि आगे भी इसी तरीके से धीरे-धीरे लोगों को प्याज उपलब्ध कराया जाएगा। उधर, मंडी समिति के निरीक्षक अजय डबराल ने कहा कि प्याज के दामों में अभी काबू नहीं पाया जा सका है। सप्ताह के अंत में वैसे भी सप्लाई कम हो जाती है।
बताया कि मंडी में लगे काउंटर पर अलवर से खरीदा जा रहा स्टेंडर्ड गुणवत्ता का प्याज 51 रुपये किलो बिक रहा है। इसके अलावा, मंडी में लगे काउंटर में भी इंदौर और नासिक से खरीदे जा रहे प्याज के दाम 55 से लेकर 65 रुपये किलो के बीच हैं। बताया कि स्थिति सामान्य होने में अभी 15 दिन का समय लगेगा। बताया कि निरंजनपुर मंडी में लगे रिटेल काउंटर से सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक कम दामों पर प्याज खरीदे जा सकते हैं। प्रति व्यक्ति अधिकतम दो किलो प्याज दिया जाएगा।