पौडी-उत्तराखंड के पौडी जिले में आज एक कार के गहरे खडड में गिर जाने से उसमें सवार एक व्यक्ति और उसके दो बच्चों समेत चार व्यक्तियों की मौत हो गयी ।
लक्षमणझूला पुलिस थाने के प्रभारी राकेंद्र कठैत ने बताया कि दुर्घटना कल देर रात लक्षमणझूला—सिलोगी द्वारीखाल मोटर मार्ग पर बडेथखाल के पास हुई जब कार अचानक अनियंत्रित होकर 150 फीट गहरे खडड में जा गिरी ।
सभी चारों कार सवारों की मौके पर ही मौत हो गयी ।
मृतकों की पहचान देशबंधु सिंह नेगी :60:, उनकी 11 वर्षीय पुत्री कोमल :11: और पुत्र अभिनव :7: और उनके एक रिश्तेदार कुलदीप सिंह रावत :42: के रूप में हुई है ।
परिवार शादी समारोह में भाग लेने के लिये देहरादून जा रहा था । घटना का पता आज सुबह तब लगा जब ग्रामीणों ने कार को खडड में पडे देखा और इसके बारे में अधिकारियों को बताया ।











