Share

नयी दिल्ली- (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश में लोकसभा की सात और सीटों के लिए सोमवार को अपने प्रत्याशी घोषित किए। इनमें भोजपुरी फिल्म स्टार रवि किशन का नाम भी शामिल है जिन्हें गोरखपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ के उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद गोरखपुर सीट खाली हो गई थी।

पार्टी ने मौजूदा सांसद प्रवीण निषाद को संत कबीर नगर से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी ने शरद त्रिपाठी को इस सीट से टिकट नहीं दिया जिन्होंने जूतों से भाजपा के एक स्थानीय विधायक को पीटा था।

प्रवीण निषाद संजय निषाद के बेटे हैं जो निषाद पार्टी के संस्थापक हैं। यह पार्टी अब उत्तर प्रदेश में भाजपा के साथ गठबंधन में है।

पिछले साल इस सीट पर हुए उपचुनाव में बसपा के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ी सपा ने जीत हासिल की थी।

उस उपचुनाव में सपा के टिकट पर सांसद चुने गये प्रवीण निषाद को भाजपा ने संत कबीर नगर से उम्मीदवार बनाया है। निषाद ने हाल ही में सपा-बसपा का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था।

प्रवीण निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के बेटे हैं।

भाजपा ने संत कबीर नगर से मौजूदा सांसद शरद त्रिपाठी का टिकट काटकर प्रवीण को दिया है। त्रिपाठी पिछले महीने संत कबीर नगर में जिला योजना की एक बैठक के दौरान जिले की मेंहदावल सीट से भाजपा विधायक राकेश बघेल को जूते से पीटने के बाद चर्चा में आये थे।

हालांकि भाजपा ने त्रिपाठी के पिता रमापति राम त्रिपाठी को देवरिया से उम्मीदवार बनाया है। रमापति वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष थे।

वर्ष 2014 में देवरिया सीट से भाजपा के कलराज मिश्र चुनाव जीते थे।

भाजपा ने प्रदेश के सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी को अम्बेडकर नगर सीट से मैदान में उतारा है।

पार्टी ने प्रतापगढ़ से संगम लाल गुप्ता को टिकट दिया है। वर्ष 2014 में यह सीट भाजपा के सहयोगी ‘अपना दल’ ने जीती थी।

भाजपा ने जौनपुर से केपी सिंह को उम्मीदवार बनाया है। वहीं भदोही से रमेश बिंद को प्रत्याशी बनाया गया है।

इन नामों के साथ पार्टी ने अब तक लोकसभा की 420 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं.

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *