Share
देहरादून 25 फरवरी (सू.ब्यूरो)-मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शहीद मेजर चित्रेश बिष्ट के पैतृक गांव पिपली को जोड़ने वाले मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिये लगभग 4 करोड़ की धनराशि की स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदो के गांवो को सड़क से जोड़ने का हमारा प्रयास है, यह शहीदों के सम्मान से जुड़ा विषय भी है। उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने तथा उनके परिवार को यथासम्भव सहयोग दिये जाने के लिये भी राज्य सरकार कृत संकल्पित है।
इस सम्बन्ध में अपर मुख्य सचिव श्री ओम प्रकाश ने बताया  कि राज्य योजना के अन्तर्गत जनपद अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र रानीखेत में शहीद मेजर चित्रेश बिष्ट के पैतृक गांव पीपली को जोड़ने वाले ताड़ीखेत-पीपली-मंजूरखान मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण का कार्य किया जायेगा। इस मार्ग की लम्बाई 7.50 कि.मी. तथा लागत रु 383.89 लाख है जिसको मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गयी है।
उन्होंने कहा कि इस मार्ग के लेपन स्तर तक निर्मित हो जाने से शहीद मेजर चित्रेश बिष्ट के गांव का सम्पर्क भी खैरना-रानीखेत-रामनगर मोटर मार्ग तथा रानीखेत-तिपोला-जालथी मोटर मार्ग से हो जायेगा। इससे क्षेत्र के ग्रामवासियों को यातायात की सुविधा उपलब्ध होने के साथ-साथ क्षेत्र का तेजी से विकास भी होगा।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *